जमुई। झाझा थाना क्षेत्र के भलुआ मेन रोड पर शनिवार देर रात चोरों ने ऐसी वारदात को अंजाम दिया, जिसे देखकर लोग दंग रह गए। घर के सामने कवर में खड़ी नई–नवेली स्कॉर्पियो को शातिर चोरों ने मिनटों में गायब कर दिया। हैरानी की बात यह रही कि पूरी चोरी घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में किसी फिल्मी सीन की तरह कैद हो गई।
पीड़ित अशोक साव के अनुसार उनकी स्कॉर्पियो (नंबर JH 15 AN 6179) रात में घर के सामने सुरक्षित खड़ी थी। रात करीब 2 बजे तीन–चार अज्ञात चोर एक दूसरी कार से मौके पर पहुंचे। बड़े आराम से स्कॉर्पियो का लॉक तोड़ा, उसे स्टार्ट किया और आंख झपकते ही फरार हो गए। सीसीटीवी फुटेज में साफ दिख रहा है कि चोर पूरी प्लानिंग के साथ आए थे। जिस कार से वे पहुंचे, उस पर रांची जिले का रजिस्ट्रेशन नंबर लगा हुआ था। कुछ ही मिनटों में वारदात को अंजाम देकर चोर अंधेरे का फायदा उठाते हुए निकल गए।
घटना की सूचना मिलते ही पीड़ित ने झाझा थाना में लिखित आवेदन दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फुटेज के आधार पर आसपास के इलाकों में लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों को भी खंगाला जा रहा है, ताकि चोरों की पहचान हो सके। इधर, लगातार हो रही वाहन चोरी की घटनाओं से इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने पुलिस से रात की गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।



