जमुई जिले के सिकंदरा थाना क्षेत्र में अपराधियों का आतंक देखने को मिला है। बेखौफ नकाबपोश अपराधियों ने सर्राफा व्यवसायी को निशाना बनाते हुए घर और दुकान में हथियार के बल पर बड़ी डकैती की वारदात को अंजाम दिया। महादेव सिमरिया बाजार के पाठकचक रोड स्थित शकुंतला ज्वेलर्स में रविवार देर रात करीब 12 बजे लगभग एक दर्जन की संख्या में हथियारबंद नकाबपोश अपराधी घुस आए।
अपराधियों ने लोहे की रॉड से दुकान का शटर उखाड़कर अंदर प्रवेश किया और फिर घर में घुसकर सो रहे व्यवसायी मुकेश कुमार साव सहित परिवार के सभी सदस्यों को हथियार के बल पर बंधक बना लिया। पीड़ित के अनुसार अपराधियों ने करीब दो घंटे तक घर में तांडव मचाया और जान से मारने व बच्ची को उठा लेने की धमकी देकर दहशत फैलाते रहे।

डकैतों ने घर और दुकान से करीब 6 लाख 40 हजार रुपये नकद, लगभग 400 ग्राम सोना और करीब 50 किलो चांदी के जेवरात लूट लिए। कुल लूट की कीमत करीब 60 लाख रुपये आंकी जा रही है। मुकेश कुमार साव मूल रूप से अलीगंज निवासी हैं और पिछले करीब 30 वर्षों से महादेव सिमरिया बाजार में घर बनाकर सर्राफा व्यवसाय कर रहे थे।

घटना की सूचना मिलते ही सिकंदरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। पीड़ित परिवार का दावा है कि एक-दो अपराधियों की पहचान हो चुकी है। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है। घटना की लेकर सिकंदरा थानाध्यक्ष पंकज कुमार ने बताया कि ‘देर रात ज्वेलर के परिवार को बंधक बनाकर डकैती की गई है। परिवार 66 लाख से ज्यादा की डकैती बता रहा है।
से आसपास के CCTV फुटेज खंगाल रहे हैं। जल्दी ही अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। ‘
जमुई टुडे न्यूज डेस्क



