जमुई , बरहट थाना क्षेत्र अंतर्गत खादीग्राम गांव चौक के पास आज सुबह लगभग 6 बजे हुए दर्दनाक हादसे में 40 वर्षीय सरोजनी देवी की मौके पर ही मौत हो गई। वह दिवाकर कुमार यादव की पत्नी थीं। जानकारी के अनुसार सरोजनी देवी घर के बाहर रोज़मर्रा के काम में लगी थीं, तभी तेज़ रफ़्तार हाईवा ट्रक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। ट्रक जमुई के खैरा डंपिंग से बालू लेकर नवगछिया की ओर जा रहा था।
स्थानीय लोगों के मुताबिक चालक मोहम्मद मुस्तकीन दुर्घटना के समय गहरी नींद में था और उसे यह एहसास भी नहीं हुआ कि ट्रक महिला को कुचलता हुआ आगे बढ़ गया। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने चालक को पकड़कर एक घर में बंद कर बंधक बना लिया और मृतका का शव सड़क पर रखकर जाम कर दिया। दो घंटे तक सड़क जाम रहने से हालात तनावपूर्ण बने रहे।
सूचना मिलते ही बरहट व मलयपुर थाना पुलिस, अंचलाधिकारी और बीडीओ मौके पर पहुंचे। प्रशासन द्वारा मुआवज़े का आश्वासन देने के बाद जाम हटाया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया तथा ट्रक और चालक को अपनी अभिरक्षा में ले लिया है। घटना से पूरे क्षेत्र में शोक और तनाव का माहौल है।



