जमुई। प्रेम विवाह के बाद पारिवारिक विरोध का सामना कर रहीं जमुई पुलिस लाइन में तैनात होमगार्ड की महिला जवान खुशबू कुमारी ने अपने पति सनोज कुमार यादव के साथ मंगलवार को पुलिस अधीक्षक से मिलकर सुरक्षा की गुहार लगाई।
बताया जा रहा है कि खुशबू कुमारी ने अपनी ही जाति के युवक सनोज कुमार यादव से प्रेम विवाह किया है। इस विवाह से खुशबू के परिजन काफी नाराज हैं और आरोप है कि लड़के के घरवालों को लगातार धमकियां दी जा रही हैं। इसी को लेकर दंपती ने पुलिस प्रशासन से सुरक्षा की मांग की।
इस मामले पर एसपी विश्वजीत दयाल ने स्पष्ट कहा कि दोनों बालिग हैं और कानून किसी को भी जबरन उन्हें अलग करने की इजाजत नहीं देता। उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति कानून को हाथ में लेने की कोशिश करेगा तो उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल खुशबू कुमारी अपने पति के साथ आरक्षी केंद्र में रह रही हैं। खुशबू कुमारी, पिता चंद्रिका यादव, हरिहरपुर पंचायत दाबिल, थाना खैरा, जिला जमुई की निवासी हैं। वहीं उनके पति सनोज कुमार यादव, जमुई थाना क्षेत्र के इंदपे गांव निवासी भेलू यादव के पुत्र हैं।



