जमुई जिले के बरहट प्रखंड के गुगुलडीह गांव में मध्य विद्यालय की जमीन पर कथित अवैध कब्जे का मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को आवेदन देकर आरोप लगाया है कि गांव के ही कुछ लोगों—निरंजन कुमार सिंह, विनय कुमार सिंह और नीरज कुमार सिंह—ने पुराने विद्यालय भवन को टूटने के बाद जमीन पर अवैध कब्जा कर लिया है।
नारेश साह, सरपंच
ग्रामीणों के अनुसार, सरकार ने जर्जर भवन को तोड़कर 1.5 किलोमीटर दूर नया भवन बनाने की प्रक्रिया शुरू की थी। लेकिन पुराने भवन के समीप स्थित भूमि पर विद्यालय का कार्यालय और शिक्षण कार्य अब भी संचालित हो रहा था। आरोप है कि इसी जमीन पर निजी कब्जे की कोशिश की जा रही है। ग्रामीणों ने चेताया कि यदि विद्यालय को दूर स्थानांतरित किया गया तो लगभग 95% ग्रामीण छात्र-छात्राओं की पढ़ाई प्रभावित होगी, क्योंकि दूसरे विद्यालय की दूरी 2–3 किलोमीटर तक है।
ग्रामीणों ने यह भी बताया कि पहले भी शिकायतें की गईं, जिन पर कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने जिला प्रशासन से जमीन की नापी कराकर अवैध कब्जा हटवाने और विद्यालय भवन निर्माण का मार्ग प्रशस्त करने की मांग की है। इस विवाद को लेकर स्थानीय स्तर पर भी कई बार पंचायत और शिक्षा विभाग को सूचित किया गया, लेकिन समाधान नहीं हुआ।

प्रधानाचार्य द्वारा पूर्व में CO को लिखा गया पत्र
गांव के निवासियों ने कहा कि यह मामला केवल जमीन का नहीं, बल्कि बच्चों के भविष्य का प्रश्न है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ, तो आंदोलन करने पर मजबूर होंगे। ग्रामीणों को अब जिलाधिकारी से त्वरित और ठोस कार्रवाई की उम्मीद है।
कुमार नेहरू की रिपोर्ट



