जमुई, सशस्त्र सीमा बल (SSB) और चरकापत्थर थाना पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई में वांछित नक्सली तारकेश्वर राय उर्फ तारो राय को गिरफ्तार कर लिया। गुप्त सूचना के आधार पर यह पता चला था कि वह अपने गांव चिल्काखार (गढ़ाटांड़) के पास बाबा पहाड़ स्थित देव स्थान पर किसी से मिलने आने वाला है।
सूचना मिलते ही 16वीं वाहिनी एसएसबी, खैरा जमुई के कमांडेंट श्री अनिल कुमार पठानिया के निर्देश पर, समवाय प्रभारी श्री अभिनव तोमर और चरकापत्थर थानाध्यक्ष विशाल कुमार सिंह के नेतृत्व में संयुक्त टीम का गठन किया गया। टीम ने समय पर रवाना होकर क्षेत्र की घेराबंदी की और लगभग रात 8:55 बजे अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया।
प्रारंभिक पूछताछ में उसकी पहचान तारकेश्वर राय के रूप में हुई, जो मुंगेर और बांका पुलिस को कई वर्षों से वांछित था। उस पर खड़गपुर थाना (मुंगेर) में IPC की विभिन्न धाराओं और UAPA एक्ट के तहत केस दर्ज है। साथ ही, मुंगेर और बांका में आर्म्स एक्ट और अन्य संगीन मामलों में भी प्राथमिकी दर्ज है। बांका अदालत ने उसके खिलाफ कुर्की-जब्ती का आदेश भी जारी किया था।
गिरफ्तार अभियुक्त को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के बाद चरकापत्थर थाना को सौंप दिया गया है, जहां आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
योगेन्द्र प्रसाद उर्फ कुंदन की रिपोर्ट
Leave a Reply
You must be logged in to post a comment.