जमुई: बीते शाम जमुई के जिला पदाधिकारी श्री नवीन ने अचानक सदर अस्पताल का औचक निरीक्षण किया, जिससे अस्पताल कर्मियों में हड़कंप मच गया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अस्पताल के विभिन्न विभागों का बारीकी से जायजा लिया और चिकित्सा व्यवस्था को लेकर कई आवश्यक निर्देश दिए।
निरीक्षण की शुरुआत डिजिटल डिस्प्ले पर लगे ड्यूटी रोस्टर की जांच से हुई। इसके बाद उन्होंने ओपीडी दवा काउंटर, रजिस्ट्रेशन काउंटर, पैथोलॉजी लैब, जनरल ओपीडी, नेत्र ओपीडी, इमरजेंसी कक्ष, पुरुष एवं महिला वार्ड, माइनर ऑपरेशन थियेटर, एसएनसीयू कक्ष समेत विभिन्न विभागों का दौरा किया।

रजिस्ट्रेशन काउंटर पर मरीजों की भीड़ देख जिलाधिकारी स्वयं वहां पहुंचे और कर्मियों तथा मरीजों से बातचीत की। उन्होंने डॉक्टरों की उपस्थिति, मरीजों को दी जा रही सेवाओं और दवाओं की उपलब्धता की भी जांच की। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि सभी डॉक्टर समय पर अपनी ड्यूटी पर उपस्थित रहें, आवश्यक दवाएं हमेशा उपलब्ध हों और मरीजों को सम्मानपूर्वक बेहतर देखभाल दी जाए।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल कर्मचारियों की उपस्थिति पंजी भी जांची और कर्मचारियों को मरीजों के प्रति संवेदनशील व सहयोगात्मक व्यवहार अपनाने की सख्त हिदायत दी। उन्होंने कहा कि कर्मचारी यदि अनुपस्थित रहते हैं, तो इसका सीधा असर मरीजों पर पड़ता है, जो किसी भी हाल में स्वीकार्य नहीं है।
निरीक्षण के दौरान अपर समाहर्ता (राजस्व), सिविल सर्जन, अनुमंडल पदाधिकारी, विशेष कार्य पदाधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। जिलाधिकारी महोदय ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और व्यवस्थाओं को लगातार सुधारा जाए।
कुमार नेहरू की रिपोर्ट



