Jamui -मलयपुर-लक्ष्मीपुर मुख्य मार्ग पर बरहट थाना क्षेत्र के बिशनपुर गांव के पास रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। तेज रफ्तार हाईवा वाहन ने एक बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।मृतक की पहचान बरहट थाना क्षेत्र के नुमर गांव निवासी कुशेश्वर यादव पिता- स्वर्गीय नारायण यादव के रूप में हुई है। वहीं उनका भतीजा प्रभु यादव पिता- छोटे लाल यादव गंभीर रूप से घायल हो गया जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
बेटी के लिए रिश्ता देखने जा रहे थे कुशेश्वर यादव
मृतक कुशेश्वर यादव अपनी बेटी के लिए रिश्ता देखने अपने भतीजे के साथ बाइक से लक्ष्मीपुर थाना क्षेत्र के केवली गांव जा रहे थे। तभी बिशनपुर गांव के पास पीछे से आ रही तेज रफ्तार हाईवा ने टक्कर मार दी और कुशेश्वर यादव को करीब 500 मीटर तक घसीटते हुए फरार हो गया। इस घटना की सूचना स्थानीय लोगों ने बरहट थानाध्यक्ष को दी। सूचना पाकर थानाध्यक्ष ने मौके पर डायल 112 पुलिस टीम को भेजा। जिन्होंने मृतक के शव को कब्जे में पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल ले गया। वहीं घायल को ईलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस सूचना मिलते ही मृतक के परिजन मौके पर पहुंचे और आक्रोशित होकर सड़क जाम कर दिया। इससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और करीब तीन घंटे तक आवागमन बाधित रहा।
इस घटना के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। मृतक के परिवार में पत्नी, एक बेटा और एक बेटी हैं। जिनका भरण-पोषण अब बड़ा सवाल बन गया है।
पुलिस ने परिजनों को दिया आश्वासन
सूचना मिलते ही बरहट थानाध्यक्ष कुमार संजीव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और आक्रोशित परिजनों को समझाने का प्रयास किया। परिजन टक्कर मारने वाले चालक की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। काफी मशक्कत के बाद थानाध्यक्ष ने आश्वासन दिया कि दोषी वाहन चालक को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा और मृतक के परिवार को सरकारी मुआवजा दिलाने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। तब जा कर लोग शांत हुए।
बरहट से शशिलाल की रिपोर्ट