जमुई, बिहार पशु विज्ञान विश्वविद्यालय, पटना द्वारा बेगूसराय में आयोजित राज्य स्तरीय डेयरी एंड कैटल एक्सपो में जमुई जिले ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पूरे बिहार में मत्स्य पालन में दूसरा स्थान तथा लेयर पोल्ट्री फार्म में तृतीय स्थान प्राप्त किया है। इसके साथ ही कार्यक्रम में जमुई जिले के 10 किसानों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में बिहार के पशुपालन एवं मत्स्य पालन मंत्री सुरेंद्र मेहता ने विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार राशि और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। चकाई के रविन्द्र कुमार को लेयर पोल्ट्री फार्मिंग में पहला स्थान मिला है।

इन्वेटिव फार्मर प्रतियोगिता 2025 के तहत मत्स्य पालन श्रेणी में शशि चंद्र गुप्ता उर्फ पप्पू साह की पत्नी पूनम कुमारी को द्वितीय पुरस्कार प्रदान किया गया। वहीं लेयर पोल्ट्री फार्म श्रेणी में शंभू प्रसाद साह को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ। उल्लेखनीय है कि उक्त दोनों फार्मों का संचालन शशि चंद्र गुप्ता उर्फ पप्पू साह द्वारा किया जाता है। यह सम्मान उन्हें नई एवं इनोवेटिव तकनीकों को अपनाकर कम लागत में अधिक उत्पादन की दिशा में किए गए सराहनीय प्रयासों के लिए दिया गया।
इस अवसर पर कृषि विज्ञान केंद्र, जमुई के प्रमुख डॉ. सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि बिहार सरकार के डेयरी, पशु एवं मत्स्य संसाधन विभाग की ओर से बेगूसराय जिले में राज्य स्तरीय डेयरी एक्सपो का आयोजन किया गया था, जिसका उद्घाटन मंत्री सुरेंद्र मेहता ने किया। उन्होंने कहा कि इस आयोजन में राज्य भर से पशुपालन के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले किसानों को सम्मानित किया गया, जिसमें जमुई जिले के 10 किसानों को भी यह गौरव प्राप्त हुआ।



