जमुई, नवपदस्थापित जिलाधिकारी नवीन कुमार ने आज समाहरणालय परिसर स्थित सभा कक्ष में अपराह्न 4:00 बजे औपचारिक रूप से जमुई के जिलाधिकारी का कार्यभार ग्रहण किया। इस अवसर पर निवर्तमान डीएम अभिलाषा शर्मा ने उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया और औपचारिक रूप से कार्यभार सौंपा।
कार्यभार ग्रहण समारोह में जिले के वरिष्ठ अधिकारियों और कर्मियों ने नवीन कुमार का गर्मजोशी से स्वागत किया। बताते चलें कि सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के तहत उन्हें जमुई का जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है। वे 2013 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी हैं।
पदभार ग्रहण के उपरांत नवागत जिलाधिकारी ने जिले के अधिकारियों से जिले की वर्तमान प्रशासनिक स्थिति, विकास योजनाओं और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की विस्तार से जानकारी ली।
अपने प्राथमिकताओं को रेखांकित करते हुए श्री कुमार ने कहा कि “सबका साथ, सबका विकास” की भावना के अनुरूप केंद्र व राज्य सरकार की सभी योजनाओं को पात्र लाभार्थियों तक पहुँचाना सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने स्वच्छ भारत मिशन, शुद्ध पेयजल, जन स्वास्थ्य तथा जनता की शिकायतों के त्वरित व गुणवत्तापूर्ण समाधान पर विशेष बल दिया। साथ ही, उन्होंने जिले के चतुर्दिक विकास और मूलभूत समस्याओं के समाधान को अपनी प्राथमिकताओं में शामिल किया।
जिलाधिकारी ने दो टूक कहा कि जनहित के मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक जमुई, उप विकास आयुक्त, नजारत उप समाहर्ता, जिला पंचायत राज पदाधिकारी, भूमि सुधार उपसमाहर्ता, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी सहित जिले के अन्य वरीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।
जमुई टुडे न्यूज़ डेस्क



