जमुई जिले में शनिवार की शाम एक सनसनीखेज हत्या की घटना सामने आई है। मोटरसाइकिल से आए दो से चार नकाबपोश अपराधियों ने एक व्यक्ति को गोली मारकर हत्या कर दी। यह घटना शाम करीब 7 बजे के आसपास उस समय हुई, जब बरातांड गांव में दारू–मुर्गा की पार्टी चल रही थी। अचानक पहुंचे अपराधियों ने भीड़ का फायदा उठाते हुए वारदात को अंजाम दिया और फरार हो गए।
मृतक की पहचान लखन यादव (उम्र करीब 35 वर्ष), पिता शंकर यादव, निवासी चिहलकाखार गांव, चरकापत्थर थाना क्षेत्र के रूप में हुई है।
सूत्रों के अनुसार लखन यादव पूर्व में नक्सली संगठन से जुड़ा हुआ था। बताया जाता है कि वह वर्ष 2012–13 के दौरान नक्सली संगठन में शामिल हुआ था। इसी दौरान उसने नक्सली महिला सुनीता मुर्मू से शादी की थी, जिससे एक बच्चा है। लखन यादव की पहली पत्नी से भी दो बच्चे हैं।
जानकारी के अनुसार वर्ष 2017 में एसटीएफ ने लखन यादव और उसकी पत्नी सुनीता मुर्मू को गिरफ्तार किया था। जेल में ही सुनीता ने बच्चे को जन्म दिया। करीब चार साल बाद जेल से रिहा होने के बाद लखन यादव अपने गांव में रहकर सामान्य जीवन जी रहा था।
हालांकि, क्षेत्र के आसपास के गांवों में उसके नाम का अब भी खौफ बना हुआ था। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और पुलिस जांच में जुटी है।
जमुई टुडे न्यूज डेस्क



