Jamui -बरहट थाना क्षेत्र के एक गांव में गुरुवार की सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई। यहां 16 वर्षीय नाबालिग युवती ने आम के पेड़ से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों ने इसकी जानकारी तुरंत बरहट थाना पुलिस को दी। सूचना पाकर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सतीश सुमन, थानाध्यक्ष कुमार संजीव और एसआई उर्मिला कुमारी दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और पुलिस ने मौके से शव को बरामद कर लिया और मामले की जांच शुरू कर दी।
घटना को गंभीरता से लेते हुए मौके पर एफएसएल टीम को भी बुलाया गया। टीम ने वैज्ञानिक तरीके से घटनास्थल की पड़ताल की। जांच पूरी होने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। सूत्रों के अनुसार मृतका का अपने घरवालों से घरेलू बातों को लेकर झगड़ा हुआ था। कहा जा रहा है कि इसी बात से नाराज होकर युवती ने आत्मघाती कदम उठाया। हालांकि पुलिस इस मामले को लेकर अभी स्पष्ट रूप से कुछ कहने से बच रही है।
इस संबंध में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सतीश सुमन ने बताया कि युवती की आत्महत्या के पीछे की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही सामने आ पाएगी। फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की छानबीन कर रही है।
बरहट से शशिलाल की रिपोर्ट



