जमुई जिले में अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। जमुई–सिकंदरा मुख्य मार्ग पर अगहरा और बरुअट्टा गांव के बीच दिनदहाड़े बाइक सवार एक व्यक्ति की ताबड़तोड़ गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस सनसनीखेज वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल कायम हो गया है।
मृतक की पहचान लछुआड़ थाना क्षेत्र के गौहर नगर निवासी अशोक यादव उर्फ आशो यादव के रूप में की गई है। बताया जा रहा है कि अशोक यादव अपनी मोटरसाइकिल से जमुई कचहरी से वापस अपने घर लौट रहे थे , तभी पहले से घात लगाए अपराधियों ने उन पर अचानक फायरिंग शुरू कर दी। हमलावरों ने एक के बाद एक कई राउंड गोलियां चलाईं, जिसमें आधा दर्जन से अधिक गोलियां लगने से अशोक यादव की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी फरार हो गए।
गोलीबारी की आवाज सुनते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक अशोक यादव की जान जा चुकी थी। सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम और टाउन थानाध्यक्ष अमरेंद्र कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। वहीं जमुई एसडीपीओ सतीश सुमन भी घटनास्थल पर पहुंचकर जांच पड़ताल में जुट गए। घटनास्थल पर फॉरेंसिक की टीम भी बुलाई गई। पुलिस घटनास्थल की जनता से जांच पड़ताल कर रही है। वही घटनास्थल से खाली खोखे और पिस्टल का खाली मैगजीन बरामद हुआ है।
मामले को लेकर सतीश सुमन अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी जमुई ने बताया है कि मृतक के पुत्र से पूछताछ में कुछ शुरुआती सुराग मिले हैं। घटनास्थल से FSSL की टीम सुराग इकट्ठा कर रही है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।
प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे जमीनी विवाद की आशंका जताई जा रही है। बताया जा रहा है कि इसी विवाद में कुछ वर्ष पूर्व अशोक यादव के पुत्र की भी हत्या हुई थी। उस मामले में जमुई कोर्ट में ट्रायल चल रहा था। आशंका जताया रहा है कि उसी मामले को लेकर अशोक यादव की हत्या की गई है। जानकारी ये भी मिल रही है कि अशोक यादव ने बीते 5 जनवरी को थाना में अपनी जान को खतरा बताते हुए सुरक्षा की मांग की थी।



