जमुई : गणतंत्र दिवस 2026 के पावन अवसर पर प्रबोध जन सेवा संस्थान की ओर से जमुई सदर अस्पताल स्थित ब्लड बैंक में एक विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य रक्तदान के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना तथा नागरिकों को सेवा और राष्ट्रभक्ति से जोड़ना रहा। कार्यक्रम का सफल संचालन संस्थान के वरिष्ठ सहयोगी एवं समाजसेवी कुमार सुदर्शन सिंह की अध्यक्षता में संपन्न हुआ।

इस अवसर पर पूर्व मंत्री सह झाझा विधायक दामोदर रावत, सिकंदरा नगर पंचायत की मुख्य पार्षद रूबी देवी, सिविल सर्जन डॉ. अशोक कुमार सिंह, अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अरविन्द कुमार, हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. विशाल आनंद, नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. नेहा सिंह, जदयू के वरिष्ठ नेता पंकज सिंह तथा पूर्व जिला परिषद सदस्य अरविन्द कुमार सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथियों द्वारा रक्तदान करने वाले सभी रक्तदाताओं को “राष्ट्र सेवा सम्मान”, तिरंगा स्मृति-चिह्न एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। शिविर प्रभारी रौशन सिंह ने कहा कि नागरिकों की उत्साहपूर्ण भागीदारी यह दर्शाती है कि समाज में सेवा और राष्ट्रभक्ति की भावना मजबूत हो रही है। वहीं संस्थान के सचिव सुमन सौरभ ने कहा कि प्रबोध जन सेवा संस्थान सदैव मानवता और समाज सेवा को प्राथमिकता देता आया है, और यह रक्तदान शिविर उसी मिशन का सशक्त उदाहरण है। शिविर के दौरान कुल 60 यूनिट रक्त संग्रह किया गया, जो जिला ब्लड बैंक के लिए एक महत्वपूर्ण योगदान माना जा रहा है।

रक्तदान करने वाले वीर रक्तदाताओं में सरस्वती कुमारी, गुड्डन कुमार, धीरज सिंह, अमरदीप कुमार, आलोक केसरी, हरेराम कुमार सिंह, विक्की कुमार सिंह, राहुल कुमार सिंह, अमित कुमार, हर्ष राज, मनीष कुमार, मिथुन कुमार सिंह सहित बड़ी संख्या में युवक-युवतियां शामिल रहे।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में हरेराम सिंह, मिथुन सिंह, दिवाकर सिंह, राकेश कुमार, सम्राट कुमार, आदित्य विजन से धीरज सिंह समेत अन्य सहयोगियों का सराहनीय योगदान रहा।
संस्थान के जिला सचिव विनोद कुमार ने सभी रक्तदाताओं, अतिथियों, चिकित्सकों एवं सहयोगियों के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया। वहीं ब्लड बैंक प्रभारी अरुण कुमार, लैब टेक्नीशियन विक्की कुमार, ज्योति कुमारी एवं डाटा ऑपरेटर मंतोष कुमार की भूमिका भी सराहनीय रही।



