दही–चूड़ा पर विवाद, जमुई व तारापुर के कार्यकर्ताओं के बीच कहासुनी
जमुई। मकर संक्रांति के अवसर पर मंगलवार को जमुई सांसद अरुण भारती की ओर से आयोजित दही–चूड़ा भोज कार्यक्रम शांतिपूर्वक संपन्न हुआ, लेकिन सांसद के प्रस्थान के कुछ ही देर बाद वहां माहौल बिगड़ गया। लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के कार्यकर्ताओं के बीच आपसी विवाद के कारण कुछ समय के लिए अफरा–तफरी की स्थिति बन गई।

मिली जानकारी के अनुसार दही–चूड़ा खाने को लेकर जमुई के स्थानीय कार्यकर्ताओं और तारापुर से आए लोजपा (आर) कार्यकर्ताओं के बीच पहले नोकझोंक हुई। देखते ही देखते कहासुनी ने हंगामे का रूप ले लिया। कार्यक्रम में जमुई विधानसभा क्षेत्र सहित आसपास के इलाकों से बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता शामिल हुए थे।
कार्यक्रम के दौरान सांसद अरुण भारती स्वयं मौजूद रहे और उन्होंने कार्यकर्ताओं के साथ दही–चूड़ा ग्रहण कर आयोजन को सौहार्दपूर्ण माहौल में पूरा कराया। हालांकि उनके अगले कार्यक्रम के लिए रवाना होते ही व्यवस्था को लेकर कुछ कार्यकर्ताओं में नाराजगी सामने आ गई, जिससे विवाद बढ़ गया। सूचना मिलते ही लोजपा (आर) के स्थानीय नेता और पदाधिकारी हस्तक्षेप कर स्थिति को संभाला। नेताओं की समझाइश के बाद मामला शांत हुआ।



