जमुई, खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के निर्देश पर जमुई जिले में जन वितरण प्रणाली (PDS) दुकानों का राज्यव्यापी विशेष निरीक्षण अभियान शुरू हो गया है। जिला पदाधिकारी जमुई श्री नवीन ने बताया कि पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए आज से “Zero Office Day” घोषित किया गया है, जिसके तहत सभी स्तर के अधिकारी फील्ड में रहकर दुकानों का निरीक्षण करेंगे।

उन्होंने निर्देश दिया कि जिले की हर पीडीएस दुकान का अनिवार्य रूप से निरीक्षण किया जाए ताकि पात्र लाभुकों को समय पर, निर्धारित मात्रा में और गुणवत्तापूर्ण खाद्यान्न उपलब्ध हो सके। इसी कड़ी में 2 सितंबर को जिले की 99 पीडीएस दुकानों का सघन निरीक्षण किया गया। 2 से 9 सितंबर तक बाकी दुकानों का क्रमवार और नियमित निरीक्षण “PDS PARAKH मोबाइल ऐप” के जरिए किया जाएगा।
निरीक्षण प्रक्रिया के तहत जिला आपूर्ति पदाधिकारियों को उप निदेशक (खाद्य) के साथ समन्वय कर पंचायतवार रोस्टर तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। निरीक्षण के दौरान यह सुनिश्चित किया जाएगा कि लाभुकों को निर्धारित मात्रा और गुणवत्ता का अनाज समय पर मिले। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि इस अभियान में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि इस विशेष अभियान से पीडीएस प्रणाली में पारदर्शिता, अनुशासन और जवाबदेही को मजबूती मिलेगी तथा कोई भी पात्र परिवार खाद्यान्न से वंचित नहीं रहेगा।
कुमार नेहरू की रिपोर्ट



