Jamui – महिलाओं का सम्मान केवल एक औपचारिकता नहीं, बल्कि समाज की प्रगति की आधारशिला है। आज की नारी सशक्त, सक्षम और आत्मनिर्भर बनकर हर क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बना रही है। इसी का उदाहरण आज बरहट प्रखंड में देखने को मिल रहा है। यहां तीन महिला पदाधिकारी पूरी जिम्मेदारी और निष्ठा के साथ अपने-अपने कार्यक्षेत्र को संभाल रही हैं। ये तीनों महिलाएं प्रशासन, समाज सेवा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं ।
इनकी मेहनत, लगन और समर्पण ने यह साबित कर दिया है कि अगर महिलाओं को अवसर मिले तो वे किसी भी क्षेत्र में बेहतरीन प्रदर्शन कर सकती हैं। इनकी सफलता से न केवल समाज को दिशा मिल रही है। बल्कि अन्य महिलाओं को भी अपने सपनों को साकार करने की प्रेरणा मिल रही है।
खाद्य आपूर्ति की कमान संभाल रही निधि कुमारी
बरहट प्रखंड में खाद्य पूर्ति पदाधिकारी के रूप में कार्यरत निधि कुमारी ने यह साबित कर दिया है कि महिलाएं हर क्षेत्र में नेतृत्व करने की क्षमता रखती हैं। उन्होंने कहा आज महिलाएं केवल परिवार तक सीमित नहीं हैं, बल्कि समाज और देश के विकास में भी अहम योगदान दे रही हैं। सरकारी कार्यालयों से लेकर विज्ञान, खेल, शिक्षा और सुरक्षा बलों तक हर क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी लगातार बढ़ रही है।निधि कुमारी का मानना है कि सरकारी योजनाओं और नीतियों के बेहतर क्रियान्वयन के लिए महिलाओं की भागीदारी जरूरी है। उनके प्रयासों से बरहट प्रखंड में खाद्य वितरण प्रणाली में सुधार हुआ है और लोगों को योजनाओं का लाभ सुचारू रूप से मिल रहा है।
प्रखंड में बाल विकास परियोजना की जिम्मेदारी निभा रहीं कुमारी बिंदु
प्रखंड बाल विकास परियोजना पदाधिकारी कुमारी बिंदु ने बताया कि अब कोई भी क्षेत्र महिलाओं के लिए कठिन नहीं रहा। आज की महिलाएं आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन रही हैं और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में योगदान दे रही हैं।उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं जैसे बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, कुपोषण मुक्त भारत और सशक्त महिला अभियान के माध्यम से महिलाओं को आगे बढ़ने के अवसर मिल रहे हैं। उन्होंने यह भी बताया कि शिक्षा और जागरूकता के कारण महिलाओं की सामाजिक और आर्थिक भागीदारी पहले से अधिक हो गई है, जिससे वे खुद को सशक्त महसूस कर रही हैं।
स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ कर रही जूही अलका
स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत प्रखंड स्वास्थ्य प्रबंधक जूही अलका ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर कहा कि स्वास्थ्य क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी उल्लेखनीय रही है।आज महिलाएं डॉक्टर, नर्स, स्वास्थ्य कर्मी और शोधकर्ता के रूप में समाज की सेवा कर रही हैं, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार हुआ है। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी न केवल सेवाओं की गुणवत्ता बढ़ा रही है, बल्कि अन्य महिलाओं को भी आगे बढ़ने की प्रेरणा दे रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण और टीकाकरण के कार्यों में महिलाएं सक्रिय रूप से योगदान दे रही हैं।
बरहट से शशिलाल की रिपोर्ट
Leave a Reply
You must be logged in to post a comment.