जमुई, जिले के सदर थाना क्षेत्र के संग्थू गांव निवासी जिले में वांछित टॉप टेन अपराधी सुरेंद्र मंडल उर्फ पप्पू मंडल ने जमुई न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया है। पप्पू मंडल पर जमुई पुलिस ने 50 हजार का इनाम घोषित कर रखा था। जमुई के पुलिस अधीक्षक डॉक्टर शौर्य सुमन ने पप्पू मंडल पर 2 लाख इनाम घोषित करने की अनुशंसा की थी। मोस्ट वांटेड अपराधी पप्पू मंडल के ऊपर जमुई सदर थाना में अलग-अलग गंभीर मामलों में नौ मामले दर्ज है। जमुई पुलिस द्वारा लगातार पप्पू मंडल की गिरफ्तारी के लिए बिहार झारखंड के इलाकों में अलग-अलग ठिकानों पर विगत सप्ताह से लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा था।
जमुई पुलिस के दबाव में आकर आखिरकार 6 वर्षों से फरार टॉप टेन अपराधी पप्पू मंडल ने जमुई न्यायालय में आकर आत्म समर्पण कर दिया। आत्म समर्पण करने के दौरान पप्पू मंडल पूरी तरह अपना हुलिया को बदलकर न्यायालय पहुंचा था। पप्पू मंडल ने अपने सिर पर बिग लगाया हुआ था। ताकी पुलिस आसानी से उसे पहचान ना सके। आपको बताते चलें कि कुछ माह पूर्व मोस्ट वांटेड अपराधी पप्पू मंडल द्वारा अपनी जमानत करने के लिए अपनी शक्ल से मिलता जुलता फर्जी व्यक्ति को कोर्ट में पेश किया गया था। लेकिन जमुई पुलिस के सूझ बूझ से पप्पू मंडल का जमानत कराने का प्लान फेल हो गया था। उस मामले में न्यायालय के आदेश के बाद पप्पू मंडल के वकील और फर्जी जमानत लेने वाले शख्स पर मामला दर्ज हुआ था। पप्पू मंडल के जमानत को निरस्त करने के लिए तत्कालीन जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने पटना हाईकोर्ट में पिटीशन दाखिल किया था।
कुमार नेहरू की रिपोर्ट