Jamui -दिल्ली-हावड़ा मुख्य रेलखंड के अंतर्गत जमुई रेलवे गेट के पास मेन लाइन में स्लीपर बदलने का कार्य 12 जुलाई से 16 जुलाई तक चलेगा। इस दौरान रेलवे फाटक संख्या 46 टी से होकर गुजरने वाले सभी वाहन चालकों को आवागमन में असुविधा का सामना करना पड़ सकता है। रेलवे विभाग ने इस संबंध में नोटिस चस्पा कर लोगों को सूचित किया है। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि अप मेन लाइन के कई स्लीपर क्षतिग्रस्त हो चुके हैं, जिन्हें बदलना बेहद जरूरी है। इस ट्रैक पर कई सुपरफास्ट ट्रेनें 130 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से गुजरती हैं। ऐसे में मरम्मत कार्य को प्राथमिकता देते हुए युद्ध स्तर पर कार्य शुरू किया गया है।
पीडब्ल्यूआई शंभू शर्मा ने बताया कि सुरक्षा कारणों से कार्यस्थल पर आरपीएफ के जवानों की तैनाती कर दी गई है। काशन के दौरान इस रेलखंड पर चलने वाली सभी ट्रेनें 30 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से चलाई जाएंगी। उन्होंने बताया कि चूंकि यह एक व्यस्त मार्ग है, इसलिए आमजन को पहले ही सूचित कर दिया गया है। उन्होंने वाहन चालकों से अनुरोध किया है कि भारी वाहन ओवरब्रिज के रास्ते ले जाएं। स्लीपर बदलने का कार्य दो चरणों में किया जाएगा ।पहले आधे मार्ग में और फिर शेष भाग में।रेलवे प्रशासन ने लोगों से सहयोग की अपील की है ताकि कार्य समय पर पूरा किया जा सके और किसी प्रकार की दुर्घटना से बचा जा सके।
बरहट से शशिलाल की रिपोर्ट



