सोनो , प्रखंड के बलथर पंचायत अंतर्गत सोनो–झाझा NH-333 पर पेलवाजन से बिंजी कटियारी गांव तक मुख्यमंत्री ग्राम संपर्क योजना के तहत हो रहे सड़क निर्माण को लेकर ग्रामीणों ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का आरोप है कि संवेदक और जेई की मनमानी के कारण सड़क निर्माण में घटिया एवं मानक विरुद्ध सामग्री का उपयोग किया जा रहा है, जिससे परियोजना की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

ग्रामीणों के अनुसार निर्माण स्थल पर उपयोग की जा रही सामग्री बिल्कुल मानकों पर खरी नहीं उतर रही है। इस संबंध में कई बार संबंधित अधिकारियों को शिकायत भी की गई, लेकिन किसी ने भी इसे गंभीरता से नहीं लिया। लापरवाही से नाराज़ ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया और तत्काल तकनीकी जांच की मांग उठाई।
ग्रामीणों का कहना है कि सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर सड़क सुविधा उपलब्ध कराने के लिए करोड़ों रुपये खर्च कर रही है, लेकिन स्थानीय स्तर पर कुछ जिम्मेदार लोग मनमानी कर योजना की गुणवत्ता से समझौता कर रहे हैं। उनका स्पष्ट आरोप है कि यदि मानक के अनुरूप कार्य नहीं हुआ, तो वे वरीय अधिकारियों तक शिकायत लेकर जाएंगे।

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि निर्माण सामग्री का तकनीकी निरीक्षण कराया जाए और दोषी संवेदक एवं जिम्मेदार अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई हो। साथ ही चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो वे आंदोलन को और तेज करेंगे।
वही इस मामले में कार्यपालक अभियंता सुमित कुमार ने बताया है कि जानकारी मिली है, सड़क के निर्माण कार्य की जांच पड़ताल की जाएगी।
सोनो से योगेंद्र प्रसाद उर्फ कुंदन की रिपोर्ट



