जमुई, जिले के सोनो थाना क्षेत्र अंतर्गत पिपराबांक के समीप रविवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में 30 वर्षीय युवक की मौत हो गई। तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
मृतक की पहचान रंजीत दास (30 वर्ष), पिता प्रभु दास, निवासी कौआटोल गांव, झाझा थाना क्षेत्र के रूप में हुई है। बताया जाता है कि रंजीत दास अपने ससुराल तिलवरिया गांव आए हुए थे। रविवार शाम किसी कार्य से घर से बाहर निकले थे। इसी दौरान पिपराबांक के पास एक अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वे गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े और मौके पर ही दम तोड़ दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और स्थानीय ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना मिलने पर सोनो थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस अज्ञात वाहन की पहचान और चालक की तलाश में जुट गई है। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।
सोनो से योगेंद्र प्रसाद उर्फ कुंदन की रिपोर्ट




Leave a Reply
You must be logged in to post a comment.