जमुई, कला संस्कृति एवं युवा विभाग बिहार पटना से प्राप्त दिशा निर्देश एवं जिलाधिकारी अवनीश कुमार सिंह के निर्देश पर तरंग मेघा स्पोर्ट्स उत्सव 2022 एवं जिला स्तरीय विद्यालय खेलकूद प्रतियोगिता दक्ष 2022 के सफल संपादन हेतु उपाधीक्षक शारीरिक शिक्षा जमुई की अध्यक्षता में जमुई समाहरणालय स्थित संवाद कक्ष में आज दिनांक 12 दिसंबर 2022 को बैठक आयोजित की गई।Bउपाधीक्षक शारीरिक शिक्षा सह जिला खेल पदाधिकारी जमुई आर के दीपक के द्वारा बताया गया की तरंग मेघा स्पोर्ट्स प्रतियोगिता में सर्वप्रथम प्रखंड स्तर पर जमुई जिले के सभी शैक्षणिक संस्थानों के 12, 14 एवं 17 आयु वर्ग के बालक एवं बालिकाओं के द्वारा प्रतिभागिता सुनिश्चित किया जाना है एवं प्रखंड स्तर पर चयनित खिलाड़ियों को अहर्ता के आधार पर जिला स्तरीय खेल (तरंग) में भाग लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि जमुई जिले का अधिकांश प्रखंडों में तरंग प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। उपाधीक्षक शारीरिक शिक्षा ने बताया कि 12 वर्ष आयु वर्ग के बालक एवं बालिकाओं के लिए आयोजित प्रतियोगिताओं में 60 मीटर की गति दौड़, 300 मीटर दौड़, लंबी कूद एवं लेदर ड्यूस बॉल थ्रो प्रतियोगिता, 14 वर्ष आयु वर्ग के प्रतिभागियों के लिए एक सौ मीटर गति दौड़, 800 मीटर दौड़, बॉल थ्रो, लंबी कूद एवं 17 वर्ष के आयु वर्ग के बालक बालिकाओं के लिए एक सौ मीटर गति दौड़, 800 मीटर दौड़ एवं हाई जंप इत्यादि निर्धारित है।
उपाधीक्षक शारीरिक शिक्षा का खेल पदाधिकारी के द्वारा बताया गया कि विद्यालय स्तरीय खेल प्रतियोगिता 2022 का आयोजन भी प्रखंड स्तर पर दिनांक 13 दिसंबर से 17 दिसंबर तक निर्धारित किया गया है जिसमें अंडर-14 अंडर-17 एवं अंडर-19 आयु वर्ग के छात्र छात्राओं के द्वारा फुटबॉल, खो खो, कबड्डी, कुश्ती, वॉलीबॉल, क्रिकेट, एथलेटिक्स, ताइक्वांडो, कराटे, शतरंज इत्यादि खेलों में प्रतिभागिता करेंगे एवं प्रखंड स्तर से चयनित खिलाड़ी जिला स्तर पर दिनांक 22 दिसंबर 2022 से 24 दिसंबर 2022 तक के आयोजन में भाग लेंगे जहां से चयन उपरांत उन्हें राज्य स्तरीय खेलों में भाग लेने हेतु भेजा जाएगा।उपाधीक्षक शारीरिक शिक्षा के द्वारा बताया गया कि प्रखंड स्तरीय खेलों का आयोजन समिति में संबंधित प्रखंड के प्रखंड विकास पदाधिकारी अध्यक्ष नामित है एवं संबंधित थानाध्यक्ष उपाध्यक्ष घोषित किए गए हैं जिनके निगरानी में संपूर्ण खेल का आयोजन एवं संपादन किया जाएगा।
बैठक में उपस्थित जिला शिक्षा पदाधिकारी जमुई कपिल देव तिवारी के द्वारा संबंधित प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि खेल के सफल संपादन हेतु खेल मैदान की पूर्णरूपेण तैयारी, बच्चों को आने जाने की देखरेख सहित सभी प्रकार की व्यवस्था संबंधित प्रखंड के प्रखंड विकास पदाधिकारी के साथ समन्वय स्थापित करते हुए पूर्ण करना सुनिश्चित करेंगे। छात्र-छात्राओं के प्रतिभगिता के पूर्व उनके आयु से संबंधित सत्यापन प्रतिनियुक्ति मेडिकल टीम के द्वारा कराना भी सुनिश्चित करेंगे। अनुमंडल पदाधिकारी जमुई अभय कुमार तिवारी के द्वारा सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वह अपने संबंधित थानाध्यक्ष के साथ निर्धारित खेल मैदान का निरीक्षण लगातार करते रहेंगे एवं आयोजन को स्वच्छ एवं पारदर्शी बनाते हुए सफल कराना सुनिश्चित करेंगे। अनुमंडल पदाधिकारी के द्वारा अस्पताल उपाधीक्षक मोहम्मद नौशाद को निर्देशित किया गया कि वह सभी प्रखंडों के आयोजन स्थल पर मेडिकल टीम की प्रतिनियुक्ति अनिवार्य रूप से करना सुनिश्चित करवाएंगे। बैठक में जिला शिक्षा पदाधिकारी जमुई कपिल देव तिवारी, अनुमंडल पदाधिकारी जमुई अभय कुमार तिवारी, सभी प्रखंडों के प्रखंड विकास पदाधिकारी, सभी प्रखंडों के प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी, खेल संघों के प्रतिनिधि, समन्वयक नेहरू युवा केंद्र सहित सभी संबंधित शारीरिक शिक्षक उपस्थित रहे।
जमुई टुडे न्यूज डेस्क