जमुई टाउन थाना क्षेत्र की घटना, पुलिस ने तीनों को हिरासत में लेकर शुरू की पूछताछ; एक युवक की तबीयत बिगड़ने पर सदर अस्पताल में कराया गया भर्ती
जमुई। टाउन थाना क्षेत्र के प्रतापपुर गांव में शुक्रवार दोपहर करीब एक बजे बाइक लूटने की कोशिश के दौरान गोलीबारी की घटना सामने आई है। बाइक सवार युवक को रोककर लूटपाट का प्रयास करने और गोली चलाने का आरोप तीन युवकों पर लगा है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही टाउन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तीन युवकों को हिरासत में लेकर थाने ले गई। पुलिस तीनों से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है।
ग्रामीणों ने तीन युवकों की बताई पहचान
ग्रामीण गनौरी यादव के अनुसार, हिरासत में लिए गए युवकों की पहचान सचिन महतो, निवासी काकन गांव, प्रेम कुमार, निवासी काकन बिलदरिया और गौरव राम, निवासी ढंड गांव के रूप में हुई है।
ग्रामीणों का आरोप है कि कुछ महीने पहले भी कपिल यादव के भाई बंटी यादव के साथ छिनतई की कोशिश हुई थी। इस मामले में सचिन महतो और प्रेम कुमार के जेल जाने की बात भी सामने आई है।
जेल से छूटने के बाद दोबारा वारदात का आरोप
ग्रामीणों ने दावा किया कि पूर्व की घटना में जेल जाने के बाद बाहर आए युवकों ने एक बार फिर इसी तरह की वारदात को अंजाम देने का प्रयास किया। हालांकि, इस संबंध में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस जांच के बाद ही घटना की पूरी सच्चाई सामने आ सकेगी।
एक युवक की तबीयत बिगड़ी, सदर अस्पताल में भर्ती
हिरासत में लिए गए प्रेम कुमार की तबीयत अचानक बिगड़ने पर पुलिस ने उसे सदर अस्पताल में भर्ती कराया। टाउन थानाध्यक्ष अमरेंद्र कुमार ने गोलीबारी की घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले में तीन युवकों को गिरफ्तार किया गया है।
थानाध्यक्ष के अनुसार, पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। पूछताछ और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




Leave a Reply
You must be logged in to post a comment.