चकाई मोड़ से दो महिलाओं पर अपने साथ ले जाने का आरोप, बेटी बनाकर रखने का दिया था झांसा; राजस्थान के श्रीगंगानगर से पुलिस ने किया बरामद
जमुई। भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा से महज दो किलोमीटर दूर राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले में जमुई की एक लापता विवाहिता को पुलिस ने सकुशल बरामद किया है। चकाई थाना क्षेत्र से लापता हुई महिला ने आरोप लगाया है कि चकाई मोड़ से दो महिलाएं उसे अपने साथ ले गई थीं। उसे बेटी बनाकर रखने का भरोसा दिया गया था, लेकिन राजस्थान पहुंचने के बाद उससे करीब चार महीने तक कपास के खेतों में काम कराया गया। इस दौरान उसे अपने परिजनों से संपर्क करने की अनुमति भी नहीं दी गई।
करीब 2200 किलोमीटर दूर राजस्थान में महिला की बरामदगी के बाद पुलिस उसके साथ हुई कथित घटनाओं और उसे वहां ले जाने वाली महिलाओं की पहचान में जुटी है।
9 जुलाई को दर्ज हुई थी प्राथमिकी
मामले में पीड़िता के पिता ने बीते 9 जुलाई को चकाई थाने में अपनी बेटी के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू की।
मोबाइल लोकेशन और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने महिला की तलाश शुरू की। इसके बाद एसआई मोतीलाल साह के नेतृत्व में एक विशेष टीम राजस्थान भेजी गई। पुलिस टीम ने श्रीगंगानगर जिले के घमूड़वाली थाना क्षेत्र अंतर्गत रिड़मलसर पुलिस चौकी के सहयोग से महिला को बरामद किया। बताया जा रहा है कि महिला की बरामदगी भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा से करीब दो किलोमीटर दूर स्थित क्षेत्र से हुई है।

बेटी बनाकर रखने का दिया था भरोसा
बरामदगी के बाद महिला ने पुलिस को बताया कि चकाई मोड़ से दो महिलाएं उसे अपने साथ ले गई थीं। उसे भरोसा दिया गया था कि उसे बेटी की तरह रखा जाएगा। लेकिन राजस्थान पहुंचने के बाद उसे कपास के खेतों में काम करना पड़ा।
महिला के अनुसार, करीब चार महीने तक उससे खेतों में मजदूरी कराई गई। इस दौरान उसे अपने परिवार के सदस्यों से बातचीत करने का मौका नहीं दिया गया। महिला ने यह भी बताया कि उसे अपने साथ ले जाने वाली एक महिला हमेशा मास्क लगाकर रहती थी। इस वजह से वह आज तक उसका चेहरा ठीक से नहीं देख सकी है।
सोशल मीडिया के जरिए संपर्क होने की आशंका
पुलिस महिला को राजस्थान ले जाने के पीछे की परिस्थितियों की जांच कर रही है। सोशल मीडिया के माध्यम से संपर्क होने की आशंका सहित अन्य संभावित पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि महिला को चकाई से राजस्थान तक किन परिस्थितियों में ले जाया गया और वहां उससे किस तरह काम कराया गया।

न्यायालय में बयान के बाद परिजनों को सौंपा
चकाई थानाध्यक्ष सर्वजीत कुमार के अनुसार, पुलिस टीम महिला को सुरक्षित वापस लेकर आई है। बीते सोमवार को उसे चकाई लाया गया और मंगलवार को न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय में बयान दर्ज होने के बाद महिला को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
वहीं, महिला की मां रेणु देवी ने बताया कि उनकी बेटी शाम करीब चार से पांच बजे अपने पति के साथ बाजार जाने के लिए निकली थी। महिला की शादी उत्तर प्रदेश में हुई है।
फिलहाल, पुलिस महिला के आरोपों, उसे अपने साथ ले जाने वाली महिलाओं की पहचान और राजस्थान में उसके साथ हुई कथित घटनाओं की जांच में जुटी है।




Leave a Reply
You must be logged in to post a comment.