खैरा। मां दुर्गा पूजा शांति समिति की ओर से नवरात्र के दूसरे दिन सोमवार की रात 8 बजे के लगभग गरबा नाइट एवं डांडिया कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। जिसका उद्घाटन खैरा पंचायत की मुखिया चंचला देवी ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया । कार्यक्रम में भक्तिमय संगीत, पारंपरिक गरबा और डांडिया की धुनों ने पूरे माहौल को उत्साह और उमंग से भर दिया। मां दुर्गा की भक्ति में सराबोर श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक कार्यक्रम में भाग लिया और डांडिया की थाप पर जमकर झूमे।
रंग-बिरंगे परिधानों में सजे प्रतिभागियों ने पारंपरिक गरबा और डांडिया नृत्य के माध्यम से भारतीय संस्कृति और धार्मिक आस्था की सुंदर झलक प्रस्तुत की। कार्यक्रम के दौरान उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। नवरात्र के पावन अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम ने श्रद्धालुओं के बीच भक्ति, उल्लास और आपसी सौहार्द की भावना को और मजबूत किया।

मां दुर्गा पूजा शांति समिति की ओर से नवरात्र के दौरान विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। समिति का उद्देश्य मां दुर्गा की आराधना के साथ-साथ समाज में धार्मिक सद्भाव, एकता और सांस्कृतिक परंपराओं को बढ़ावा देना है।
गरबा नाइट एवं डांडिया कार्यक्रम ने नवरात्र के उत्सवी माहौल को और भी खास बना दिया। मां दुर्गा के जयकारों और भक्ति गीतों के बीच श्रद्धालुओं ने माता रानी से सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।
खैरा से प्रहलाद सिंह की रिपोर्ट




Leave a Reply
You must be logged in to post a comment.