Jamui , जमुई-सिकंदरा मुख्य मार्ग पर महिसौड़ी चौक के आगे डॉ. नीरज साह के क्लिनिक के पास शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे एक चलती ई-रिक्शा में अचानक आग लग गई। बताया जा रहा है कि ई-रिक्शा की बैटरी फटने के बाद आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। इस घटना में इंटर की दो छात्राएं झुलस गईं। दोनों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां एक छात्रा की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद पटना रेफर कर दिया गया। वहीं, दूसरी छात्रा का इलाज निजी क्लिनिक में चल रहा है। उसकी हालत सामान्य बताई जा रही है।

घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए ई-रिक्शा में सवार छात्राओं को बचाने और आग बुझाने का प्रयास किया। बाद में अग्निशमन वाहन के पहुंचने पर आग पर काबू पाया गया। घटना के बाद ई-रिक्शा चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
कोचिंग से घर लौट रही थीं छात्राएं
मिली जानकारी के अनुसार, जमुई में कोचिंग की पढ़ाई करने के बाद तीन छात्राओं समेत आधा दर्जन से अधिक लोग ई-रिक्शा पर सवार होकर अपने घर भगवाना गांव की ओर जा रहे थे। इसी दौरान महिसौड़ी चौक से आगे बढ़ते ही ई-रिक्शा से धीरे-धीरे धुआं निकलने लगा। धुआं देखकर छात्राओं ने चालक को इसकी जानकारी दी और वाहन रोकने के लिए कहा।
आरोप है कि ई-रिक्शा चालक कान में ईयरफोन लगाए हुए था। छात्राओं द्वारा कई बार बताने के बावजूद उसने वाहन नहीं रोका। इसी बीच डॉ. नीरज साह के क्लिनिक के पास अचानक ई-रिक्शा की बैटरी फट गई और देखते ही देखते वाहन में भीषण आग लग गई। आग की लपटों ने पूरे ई-रिक्शा को अपनी चपेट में ले लिया।

एक छात्रा पटना रेफर, दूसरी का निजी क्लिनिक में इलाज
इस हादसे में झुलसी छात्राओं में एक की पहचान सदर प्रखंड क्षेत्र के भगवाना गांव निवासी मनोहर महतो की 20 वर्षीय पुत्री नेहा कुमारी के रूप में हुई है। गंभीर रूप से झुलसने के कारण उसे सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया।
वहीं, दूसरी घायल छात्रा की पहचान मनोहर यादव की पुत्री अंजनी कुमारी के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों की मदद से उसे डॉ. नीरज साह के निजी क्लिनिक में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। उसकी हालत सामान्य बताई जा रही है।

चालक फरार, पुलिस ने शुरू की जांच
ई-रिक्शा में आग लगते ही घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों की भारी भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने अपने स्तर से आग बुझाने और वाहन में सवार लोगों को सुरक्षित निकालने का प्रयास किया, लेकिन आग की तीव्रता अधिक होने के कारण उस पर तत्काल काबू नहीं पाया जा सका। बाद में अग्निशमन वाहन की मदद से आग बुझाई गई।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल छात्राओं व स्थानीय लोगों से पूछताछ कर घटना की जानकारी ली। हादसे के बाद ई-रिक्शा चालक के फरार होने की बात सामने आई है। फिलहाल चालक की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है।
सवाल: चलती ई-रिक्शा से धुआं निकलने के बावजूद चालक ने वाहन क्यों नहीं रोका और बैटरी में आग लगने की असली वजह क्या थी? इन बिंदुओं पर जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।




Leave a Reply
You must be logged in to post a comment.