जमुई: लोकप्रियता और व्यूज की होड़ में पत्रकारिता के मूल सिद्धांतों से समझौता नहीं होना चाहिए। खबरों की विश्वसनीयता, निष्पक्षता और तथ्यात्मक पुष्टि ही पत्रकारिता की असली पहचान है। ये बातें जिला पदाधिकारी ने बुधवार को राष्ट्रीय प्रेस दिवस के अवसर पर आयोजित परिचर्चा को संबोधित करते हुए कहीं।
राष्ट्रीय प्रेस दिवस 2026 के उपलक्ष्य में जिला प्रशासन की ओर से स्थानीय न्यू शिल्पा विवाह भवन में जिले के प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक एवं सोशल मीडिया प्रतिनिधियों के साथ ‘Journalism: Populist or Responsible’ (पत्रकारिता : लोकप्रियता या जिम्मेदारी) विषय पर परिचर्चा आयोजित की गई। इसमें पत्रकारिता की बदलती भूमिका, डिजिटल मीडिया की चुनौतियों और जिम्मेदार पत्रकारिता के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा हुई।

अपने संबोधन में जिला पदाधिकारी ने कहा कि वर्तमान समय सूचना क्रांति और सूचना विस्फोट का दौर है। डिजिटल एवं सोशल मीडिया के विस्तार से सूचनाओं का प्रसार बेहद तेज हुआ है। ऐसे में पत्रकारों की जिम्मेदारी और भी बढ़ गई है। खबरों को प्रसारित करने से पहले उनकी तथ्यात्मक पुष्टि करना, सभी संबंधित पक्षों को सुनना और खबर के सामाजिक प्रभाव को समझना जरूरी है।

उन्होंने कहा कि लोकप्रियता, व्यूज और खबरों को सबसे पहले प्रसारित करने की प्रतिस्पर्धा में पत्रकारिता के बुनियादी सिद्धांतों से समझौता नहीं होना चाहिए। पत्रकारिता की वास्तविक प्रतिष्ठा उसकी विश्वसनीयता, निष्पक्षता और जनसरोकारों के प्रति प्रतिबद्धता में है।
जमुई की बदलती पहचान में मीडिया की भूमिका की सराहना करते हुए जिला पदाधिकारी ने गंगा आरती, गुरमाहा में ग्रामीणों के साथ छठ महापर्व मनाने, पर्यटन विकास और विभिन्न सांस्कृतिक एवं विकासात्मक गतिविधियों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि जिले की सकारात्मक गतिविधियों और विकास की संभावनाओं को व्यापक स्तर पर पहुंचाने में स्थानीय मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।

नक्सलवाद के दौर से विकास की नई पहचान तक मीडिया की भूमिका पर चर्चा
परिचर्चा के दौरान जमुई में नक्सलवाद की चुनौतियों के दौर से लेकर वर्तमान सामाजिक एवं प्रशासनिक बदलाव तक मीडिया की भूमिका पर भी विचार साझा किए गए। पत्रकारों ने समाचार संकलन के दौरान आने वाली चुनौतियों, बदलते परिवेश और जिले में संचालित विकासात्मक एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के मीडिया कवरेज से जुड़े अनुभव रखे।
इस दौरान भ्रामक एवं अपुष्ट खबरों के प्रभाव, सोशल मीडिया पर तेजी से फैलती सूचनाओं और पत्रकारिता की विश्वसनीयता बनाए रखने जैसे मुद्दे भी चर्चा के केंद्र में रहे। वक्ताओं ने कहा कि मीडिया की भूमिका केवल घटनाओं और समस्याओं को सामने लाने तक सीमित नहीं है, बल्कि जनहित के मुद्दों, विकास कार्यों और प्रशासनिक जवाबदेही को भी प्रमुखता से उठाना जरूरी है।

जमुई के विकास के लिए प्रशासन और मीडिया ने दोहराया साझा संकल्प
कार्यक्रम में जिला जनसंपर्क पदाधिकारी ने अतिथियों एवं मीडिया प्रतिनिधियों का स्वागत करते हुए कहा कि जिले की विकासात्मक संभावनाओं को धरातल पर उतारना जिला प्रशासन का दायित्व है, जबकि विकास कार्यों और जनहित से जुड़ी गतिविधियों को समाज के सामने प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने में मीडिया की अहम भूमिका है।

परिचर्चा के अंत में जिला प्रशासन और मीडिया प्रतिनिधियों के बीच आपसी संवाद, विश्वास एवं समन्वय को मजबूत बनाने पर सहमति बनी। सभी ने पर्यटन, सांस्कृतिक विरासत, जनसमस्याओं और विकासात्मक गतिविधियों को प्रमुखता से सामने लाने तथा जमुई की सकारात्मक पहचान को व्यापक बनाने के लिए मिलकर काम करने का संकल्प दोहराया।
कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक, उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी, जिला परिवहन पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के वरीय पदाधिकारी एवं जिले के प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और सोशल मीडिया के प्रतिनिधि मौजूद रहे।




Leave a Reply
You must be logged in to post a comment.