जमुई की प्राकृतिक सुंदरता और पर्यटन स्थलों की जानकारी पाकर उत्साहित हुए भारतीय क्रिकेटर, दोबारा आने की जताई इच्छा
जमुई। भारतीय क्रिकेट टीम के प्रतिभाशाली खिलाड़ी ईशान किशन ने शुक्रवार को जमुई जिला पदाधिकारी के आवास पर पहुंचकर उनसे आत्मीय मुलाकात की। देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथ धाम में पूजा-अर्चना करने के बाद लौटने के क्रम में उन्होंने जिला पदाधिकारी से मुलाकात की। इस दौरान दोनों के बीच खेल, क्रिकेट करियर और जमुई जिले की विशेषताओं को लेकर बातचीत हुई।

मुलाकात के दौरान ईशान किशन ने अपने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट करियर, अब तक की खेल यात्रा और क्रिकेट के मैदान पर हासिल किए गए अनुभवों को साझा किया। वहीं, जिला पदाधिकारी ने उन्हें जमुई जिले की प्राकृतिक सुंदरता, धार्मिक एवं ऐतिहासिक महत्ता और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से अवगत कराया।
जिला पदाधिकारी ने भगवान महावीर की जन्मस्थली के रूप में जमुई की विशिष्ट पहचान का उल्लेख करते हुए नागी-नकटी पक्षी आश्रयणी, गिद्धेश्वर वन्य क्षेत्र और पंचभूर झरना सहित जिले के प्रमुख पर्यटन स्थलों की जानकारी दी। उन्होंने इन स्थलों की प्राकृतिक सुंदरता, जैव विविधता और धार्मिक-ऐतिहासिक महत्व के साथ जिले में पर्यटन विकास की व्यापक संभावनाओं पर भी चर्चा की।

जिला पदाधिकारी द्वारा जमुई की खूबियों और पर्यटन स्थलों के बारे में दी गई जानकारी को ईशान किशन ने काफी रुचि और उत्सुकता के साथ सुना। जिले की प्राकृतिक संपदा और सांस्कृतिक विरासत से प्रभावित होकर उन्होंने भविष्य में जमुई दोबारा आने की इच्छा भी व्यक्त की।
इस मुलाकात से जमुई की पर्यटन पहचान और प्राकृतिक विरासत को राष्ट्रीय स्तर पर प्रचारित करने की संभावनाओं को भी बल मिल सकता है।




Leave a Reply
You must be logged in to post a comment.