14 कैदियों को मेडिकल जांच के लिए ले जा रहा था वाहन, टक्कर से गिरा गेट का हिस्सा; नवरात्र में सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
खैरा (जमुई)। खैरा में गुरुवार दोपहर करीब 3:30 बजे दुर्गा पूजा पंडाल परिसर में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब 14 कैदियों को मेडिकल जांच के लिए लेकर जा रहा एक कैदी वाहन मंदिर के मुख्य द्वार से अंदर घुस गया। वाहन की टक्कर से पूजा पंडाल का सजावटी गेट क्षतिग्रस्त हो गया। गेट का लोहे का हिस्सा गिरने से दो महिलाएं घायल हो गईं। दोनों के सिर में चोट आई है। घायलों को तत्काल खैरा स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां उनका इलाज किया गया।
मरीज को अस्पताल ले जा रही आशा कार्यकर्ता भी हादसे की चपेट में
घायलों की पहचान बंगनदर गांव निवासी आशा कार्यकर्ता वर्षा कुमारी (24) और संता देवी (45) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, वर्षा कुमारी मरीज संता देवी को लेकर दुर्गा मंदिर के रास्ते खैरा स्वास्थ्य केंद्र जा रही थीं। इसी दौरान कैदी वाहन मंदिर के मुख्य द्वार से परिसर में प्रवेश कर गया और पूजा पंडाल के सजावटी गेट से टकरा गया।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि गेट का हिस्सा टूटकर नीचे गिर पड़ा, जिसकी चपेट में आने से दोनों महिलाएं घायल हो गईं। घटना के बाद मंदिर परिसर में मौजूद लोगों के बीच कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

मेडिकल जांच के लिए खैरा लाए गए थे 14 कैदी
मामले में एसआई जितेंद्र कुमार ने बताया कि चरकापत्थर थाना से 14 कैदियों को मेडिकल जांच के लिए खैरा स्वास्थ्य केंद्र लाया जा रहा था। इसी दौरान कैदी वाहन दुर्गा मंदिर परिसर में बने पूजा पंडाल के ऊपरी हिस्से से टकरा गया, जिससे पंडाल को नुकसान पहुंचा। उन्होंने बताया कि जमुई में भीड़ और बड़े वाहनों के परिचालन से जुड़ी स्थिति को देखते हुए कैदियों को खैरा लाया गया था।
तेज रफ्तार से प्रवेश करने का आरोप, पूजा समिति ने जताई नाराजगी
घटना को लेकर पूजा समिति के सदस्य मनीष कुमार ने नाराजगी जताई। उन्होंने आरोप लगाया कि कैदी वाहन तेज रफ्तार में मंदिर परिसर के अंदर घुसा। समिति के सदस्यों ने चालक को रोकने की कोशिश की, लेकिन वाहन नहीं रुका।
मनीष कुमार के अनुसार, जिस रास्ते से वाहन मंदिर परिसर में दाखिल हुआ, उसके दोनों ओर दुकानें लगी हुई हैं। ऐसे में नवरात्र के दौरान इस तरह वाहन के प्रवेश करने से श्रद्धालुओं की सुरक्षा को खतरा पैदा हो सकता था।
नवरात्र में श्रद्धालुओं की सुरक्षा पर उठे सवाल
नवरात्र के दौरान मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी हुई है। ऐसे में पूजा पंडाल के पास कैदी वाहन की टक्कर से दो महिलाओं के घायल होने की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था और वाहनों के प्रवेश को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
गनीमत रही कि हादसे में दो महिलाएं ही घायल हुईं। यदि उस समय मंदिर परिसर में अधिक भीड़ होती, तो हादसा और गंभीर हो सकता था।
खैरा से प्रहलाद सिंह की रिपोर्ट




Leave a Reply
You must be logged in to post a comment.