Jamui – मंगलवार को जमुई रेलवे स्टेशन पर एक बड़ा रेल हादसा टल गया जब ट्रेन संख्या 13208 पटना-जसीडीह मेमू के दो कोचों के बीच कनेक्शन वायर में अचानक आग लग गई। घटना के दौरान ट्रेन स्टेशन पर ही थी। जिससे यात्रियों में हड़कंप मच गया और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रेन जैसे ही स्टेशन पर पहुंची। एक कोच से धुआं निकलता दिखा और फिर आग की लपटें उठने लगीं। यात्रियों ने तुरंत कोच से बाहर निकलकर जान बचाई।
हालांकि रेलवे कर्मियों और अग्निशमन दल की त्वरित कार्रवाई से आग पर जल्द ही काबू पा लिया गया। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि समय रहते सतर्कता बरतने के कारण एक बड़ी दुर्घटना टल गई। सभी यात्री सुरक्षित हैं और किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। फिलहाल आग से प्रभावित कोच को ट्रेन से अलग किया गया और यात्रा को पुनः सुरक्षित रूप से आगे बढ़ाने की तैयारी की गई। घटना के कारणों की जांच की जा रही है और तकनीकी टीम को इसकी विस्तृत समीक्षा के निर्देश दिए गए हैं।
बरहट से शशिलाल की रिपोर्ट



