जमुई जिले के सोनो थाना क्षेत्र में दो न्यूज पोर्टल चलाने वाले पत्रकारों के साथ मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़ित पत्रकारों ने इस संबंध में सोनो थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए न्याय की गुहार लगाई है।
पीड़ितों के मुताबिक, शनिवार दोपहर लगभग 2 बजे वे सोनो चौक स्थित थाना रोड के एक होटल में भोजन कर रहे थे। भोजन के बाद जब वे अपनी बाइक निकालने लगे तो देखा कि लोजपा (रामविलास) के नेता मुन्ना सिंह, निवासी केवाली, ने अपनी स्कॉर्पियो उनकी बाइक के सामने खड़ी कर रास्ता जाम कर दिया था। हार्न देने और रास्ता देने का अनुरोध करने पर मुन्ना सिंह ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी।
जब एक युवक ने इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो बनाना शुरू किया तो मुन्ना सिंह भड़क उठे और धमकी देते हुए मोबाइल छीन लिया व वीडियो डिलीट कर दिया। आरोप है कि मौके पर 5-10 अन्य अज्ञात लोग भी आ गए, जिन्होंने दोनों पत्रकारों के मोबाइल और माइक भी जबरन छीन लिए। इस दौरान पीड़ितों की जेब से 1000 रुपये गायब होने की बात भी कही गई है।
किसी तरह दोनों युवक जान बचाकर निकले और थाने में शिकायत दी। मामले की सूचना मिलने पर सोनो पुलिस मौके पर पहुंची। दोनों पत्रकारों ने डीएसपी झाझा से भी मामले की शिकायत की है।
हालांकि, आरोपी नेता मुन्ना सिंह ने सभी आरोपों को बेबुनियाद बताया है और आवेदन को गलत बताया है। वहीं लोजपा (आर) के जिलाध्यक्ष जीवन सिंह ने घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए पार्टी की ओर से क्षमा मांगी है।
पत्रकारों ने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
Jamui Today News Desk



