जमुई -बरहट प्रखंड के उत्क्रमित मध्य विद्यालय, विशनपुर में स्वतंत्रता दिवस की तैयारी के दौरान बच्चों से सड़क किनारे पड़े बालू की ढुलाई कराने का मामला सामने आया है। यह घटना गुरुवार की है और इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।वीडियो में स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है कि विद्यालय के कुछ बच्चे सड़क किनारे रखे बालू को ढो रहे हैं, जबकि पास में एक शिक्षक खड़े होकर बच्चों को यह काम करने के लिए कह रहे हैं।
बताया जा रहा है कि यह कार्य शिक्षक नीतीश कुमार द्वारा कराया गया, ताकि 15 अगस्त के कार्यक्रम के लिए स्कूल परिसर में जमा कीचड़ को ढककर साफ-सफाई और रंगाई-पुताई का काम पूरा किया जा सके। बालू ढुलाई का स्थान जमुई–लक्ष्मीपुर मुख्य मार्ग संख्या 333 के किनारे था, जहां से बड़ी और छोटी गाड़ियों की लगातार आवाजाही रहती है। हाल के महीनों में इस सड़क पर दो लोगों की सड़क हादसे में मौत हो चुकी है। ऐसे में बच्चों को वहां से काम करवाना उनकी सुरक्षा के साथ गंभीर लापरवाही मानी जा रही है।
वीडियो बनाने पर रोकने की कोशिश
मौके पर मौजूद एक गणमान्य व्यक्ति ने इस घटना का वीडियो बनाना शुरू किया तो संबंधित शिक्षक दौड़कर पहुंचे और वीडियो बनाने से रोकने का प्रयास किया। जब बच्चों से बालू ढुलाई कराने का कारण पूछा गया तो शिक्षक भड़क गए और बोले 15 अगस्त की तैयारी करवा रहे हैं।
प्रधानाध्यापिका अलका भारती ने स्वीकार किया कि 15 अगस्त की तैयारी के लिए बालू उठवाया गया। उन्होंने कहा कि विद्यालय में चपरासी नहीं होने के कारण बच्चों से थोड़ी मदद ली गई। वहीं, खबर न चलाने के लिए कथित तौर पर पैसे देने की पेशकश भी की गई।
क्या कहते हैं प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी ?
इस संबंध में प्रभारी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी सुधांशु शेखर ने कहा अगर बच्चों से बालू उठवाया गया है तो यह गलत है। मैं स्वयं जाकर मामले की जांच करूंगा।
बरहट से शशिलाल की रिपोर्ट



