जमुई परिसदन में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूर्व केंद्रीय मंत्री राम कृपाल यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का लक्ष्य 2047 तक देश और बिहार को विकसित बनाना है। उन्होंने दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में नीतीश कुमार के नेतृत्व में एनडीए 200 से अधिक सीटें जीतेगा।राम कृपाल यादव ने कहा कि मोदी-नीतीश सरकार की योजनाओं के केंद्र में हमेशा महिलाएं रही हैं। उन्होंने शौचालय, उज्ज्वला गैस, जीविका, आवास, मुफ्त राशन, आयुष्मान कार्ड, मुफ्त बिजली और महिला रोजगार योजना जैसी योजनाओं का जिक्र किया।
कांग्रेस और राजद पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि राहुल गांधी और तेजस्वी यादव की राजनीति केवल अराजकता फैलाने की है। मोदी की दिवंगत मां पर आपत्तिजनक टिप्पणी कर उन्होंने हर मां का अपमान किया है। तेजस्वी को “पिछलग्गू यादव” बताते हुए यादव ने कहा कि लालू प्रसाद ने कभी कांग्रेस के आगे झुकाव नहीं दिखाया था, लेकिन तेजस्वी ने उनकी नाक कटवा दी।उन्होंने कहा कि विपक्ष मुद्दाविहीन है और एनडीए सरकार में शांति व विकास स्पष्ट दिखता है। वहीं राहुल गांधी को उन्होंने भारत विरोधी ताकतों का टूलकिट बताया। इस मौके पर कई जिला और प्रदेश पदाधिकारी मौजूद रहे।
कुमार नेहरू की रिपोर्ट



