जमुई जिले के खैरा थाना क्षेत्र अंतर्गत बानपुर पंचायत के कोल्हुआ चौक पर रविवार तड़के बदमाशों ने विजय श्रृंगार गिफ्ट दुकान में आग लगा दी। देर रात करीब 2:30 बजे हुई इस वारदात में दुकान के अंदर रखा फ्रिज, इनवर्टर, गिफ्ट आइटम्स सहित पूरा सामान जलकर राख हो गया। आगजनी से लगभग पांच लाख रुपये से अधिक की क्षति बताई जा रही है।
दुकान संचालक बासुकी कुमार के अनुसार, उन्हें रात में अचानक आग लगने की सूचना मिली, जिसके बाद उन्होंने फायर ब्रिगेड को खबर दी। अग्निशमन दल ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक दुकान का पूरा सामान नष्ट हो चुका था।
इसी दौरान घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें बदमाशों को दुकान में आग लगाते हुए स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है।
पीड़ित द्वारा खैरा थाना और अग्निशमन विभाग को दी गई लिखित शिकायत में हारू राम (पिता—सतेंद्र राम) तथा दो अज्ञात व्यक्तियों पर आगजनी का आरोप लगाया गया है। बासुकी कुमार ने बताया कि शनिवार देर रात हारू राम दुकान पर सामान लेने आया था, दुकान बंद था और मांगा गया सामान उपलब्ध नहीं होने पर उसने धमकी दी थी। उसी के कुछ घंटों बाद यह घटना घटी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि हारू राम अपराधी प्रवृत्ति का व्यक्ति है और चोरी-छिनतई जैसे मामलों में कई बार जेल भी जा चुका है। घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।



