जमुई , सोनो प्रखंड के बलथर पंचायत स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय तेरुखा में शुक्रवार को अभिभावकों और ग्रामीणों ने शिक्षा व्यवस्था में गिरावट को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। शिक्षा समिति के अध्यक्ष मनोज कुमार, सचिव संगीत देवी सहित दर्जनों ग्रामीण विद्यालय पहुंचे और आरोप लगाया कि विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था बदहाल है तथा बच्चों के भविष्य से खिलवाड़ किया जा रहा है।
ग्रामीणों का आरोप है कि प्रभारी प्रधानाध्यापक नियमित रूप से विद्यालय में उपस्थित नहीं रहते। वे केवल उपस्थिति दर्ज कर BRC कार्य का हवाला देते हुए चले जाते हैं। मध्यान भोजन वितरण में अनियमितता, विद्यालय रखरखाव की राशि का सही उपयोग न होना और छात्रों को छात्रवृत्ति, किताबें व बैग समय पर उपलब्ध न कराए जाने जैसी शिकायतें भी अभिभावकों ने उठाईं।
आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए प्रभारी प्रधानाध्यापक दिलीप कुमार दिनकर ने सभी आरोपों को निराधार बताया। उन्होंने कहा कि मध्यान भोजन NGO द्वारा उपलब्ध कराया जाता है और 251 नामांकित छात्रों में से 90 की उपस्थिति दर्ज हुई है। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि जहां कमी होगी, उसे दूर किया जाएगा।
इस मामले में प्रखंड के कल्याण पदाधिकारी सह शिक्षा पदाधिकारी श्याम कुमार ने कहा कि शिकायत प्राप्त होते ही जांच की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
सोनो से योगेंद्र प्रसाद उर्फ कुंदन की रिपोर्ट



