जमुई, कहते हैं प्यार अंधा होता है, लेकिन खैरा का यह मामला बताता है कि प्यार कभी-कभी रॉन्ग नंबर से भी शुरू हो सकता है। एक मिस कॉल ने ऐसी कहानी लिख दी, जिसकी चर्चा अब पूरे इलाके में हो रही है। मामला खैरा थाना क्षेत्र के खडूई बरियारपुर गांव का है, जहां 19 वर्षीय महावीर ठाकुर का दिल पूर्णिया की रहने वाली पांच बच्चों की 35 वर्षीय मां बिंदु देवी उर्फ सीमा परवीन पर आ गया। दोनों की मुलाकात न किसी मेले में हुई, न सोशल मीडिया पर, बल्कि एक रॉन्ग नंबर कॉल से शुरू हुई बातचीत धीरे-धीरे प्यार में बदल गई।
बताया जाता है कि करीब दो साल तक फोन पर बातचीत का सिलसिला चलता रहा। फिर दोनों ने मिलने का फैसला किया और घर-परिवार की परवाह किए बिना कोलकाता पहुंच गए। वहां मंदिर में शादी रचाने का दावा किया जा रहा है। शादी के बाद दोनों ने साथ रहने का फैसला भी सार्वजनिक कर दिया।

महावीर का कहना है कि उसने सीमा से सच्चा प्यार किया है और अब वह उसके साथ ही जीवन बिताना चाहता है। वहीं सीमा का कहना है कि वह अपने पुराने जीवन से खुश नहीं थी और महावीर के साथ नया जीवन शुरू करना चाहती है।

इस अनोखी प्रेम कहानी में एक और दिलचस्प मोड़ है। बताया जाता है कि सीमा परवीन पहले भी प्रेम विवाह और धर्म परिवर्तन को लेकर चर्चा में रह चुकी है। आज से 10 साल पूर्व पूर्णिया के रहने वाले मनन आलम से ऐसे ही एक मिस कॉल से प्यार हुआ था। इसके बाद दोनों के पांच बच्चे हुए। उसे समय विंदु ने मुस्लिम युवक मनन आलम से शादी करने के बाद अपना नाम बदलकर सीमा परवीन रख लिया था। फिलहाल यह मामला गांव से लेकर सोशल मीडिया तक लोगों की जुबान पर चढ़ गया है।
वही इस मामले में सीमा परवीन के पति मनन आलम ने फोन पर बताया कि शुरू से ही सीमा परवीन का आचरण खराब था। मैं दिल्ली में रहकर काम करता था। जिसकी वजह से उसका अवैध संबंध मेरे छोटे भाई के साथ भी हो गया था। फिर भी अपने बच्चों का मुंह देखकर मैं उसको अपने साथ रखे हुए था। अब वह जब अपने नए प्रेमी के साथ घर छोड़कर भाग गई है तो मुझे अब उससे कोई लेना देना नहीं है। अब मैं उसे अपने साथ नहीं रखना चाहता हूं। हमारे पांच बच्चे हैं जो मेरे साथ है।
ग्रामीणों की सूचना पर दोनों को खैरा थाना बुलाया गया। पुलिस पूछताछ में दोनों ने अपनी मर्जी से साथ रहने की बात कही। पुलिस के अनुसार दोनों बालिग हैं, इसलिए कानूनी रूप से उन्हें साथ रहने से नहीं रोका जा सकता। फिलहाल रॉन्ग नंबर से शुरू हुई यह प्रेम कहानी इलाके में चर्चा का सबसे बड़ा विषय बनी हुई है। कोई इसे सच्चा प्यार बता रहा है तो कोई इसे फिल्मी कहानी से कम नहीं मान रहा है।




Leave a Reply
You must be logged in to post a comment.