जमुई, जिले के खैरा थाना क्षेत्र स्थित भौंड बालू घाट के चालान केंद्र पर सोमवार देर रात हथियारबंद अपराधियों ने बड़ी लूट की वारदात को अंजाम दिया। बदमाशों ने कर्मचारियों को बंधक बनाकर करीब 8 लाख रुपये नकद लूट लिए। विरोध करने पर दो कर्मचारियों पर चाकू से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, देर रात करीब आधा दर्जन अपराधी बाइक से चालान केंद्र पहुंचे। केंद्र में घुसते ही उन्होंने वहां मौजूद कर्मचारियों को हथियार के बल पर कब्जे में ले लिया और नकदी लूटने लगे। जब कर्मचारियों ने इसका विरोध किया तो अपराधियों ने चाकू और पिस्टल से हमला कर दिया। हमले में गिद्धौर थाना क्षेत्र निवासी शिवशक्ति कुमार तथा छपरा जिला निवासी अनिल सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

वारदात को अंजाम देने के बाद सभी अपराधी मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही खैरा थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से एक मैगजीन बरामद की है, जिसे जब्त कर लिया गया है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर अपराधियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
मंगलवार सुबह जमुई पुलिस अधीक्षक विश्वजीत दयाल और एसडीपीओ सतीश सुमन पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंचे तथा मामले की जानकारी ली। एसपी विश्वजीत दयाल ने बताया कि बालू बंदोबस्ती कार्यालय पर अपराधियों द्वारा हमला किया गया, जिसमें दो लोग घायल हुए हैं। प्रारंभिक जांच में करीब 8 लाख रुपये की लूट की बात सामने आई है। एफएसएल टीम को साक्ष्य संग्रह के लिए लगाया गया है। मामले के त्वरित उद्भेदन के लिए एसडीपीओ सतीश सुमन के नेतृत्व में विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही घटना में शामिल अपराधियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
कुमार नेहरू की रिपोर्ट



