जमुई। जमुई जिले के चरकापत्थर थाना क्षेत्र में डायल-112 पुलिस टीम ने अपनी तत्परता और मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए सड़क दुर्घटना में घायल युवक की जान बचाने में अहम भूमिका निभाई। पुलिसकर्मियों ने घायल युवक को कंधे पर उठाकर एंबुलेंस/पुलिस वाहन तक पहुंचाया और तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया।
जानकारी के अनुसार, चरकापत्थर थाना क्षेत्र के कैरी गांव के समीप घुमावदार मोड़ पर एक बाइक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में मकरकेन गांव निवासी नीरज कुमार गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। घटना की सूचना स्थानीय लोगों ने तत्काल डायल-112 को दी।
सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम महज पांच मिनट के भीतर घटनास्थल पर पहुंच गई। पुलिसकर्मियों ने बिना देर किए घायल युवक को कंधे पर उठाकर वाहन तक पहुंचाया और इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, सोनो ले गए। वहां चिकित्सकों ने युवक का उपचार शुरू किया।
डायल-112 टीम की इस त्वरित कार्रवाई और मानवीय पहल की स्थानीय लोगों ने सराहना की। ग्रामीणों का कहना है कि आपात स्थिति में पुलिस की ऐसी संवेदनशीलता और तत्परता आम लोगों का भरोसा मजबूत करती है।
यह घटना एक बार फिर साबित करती है कि पुलिस की जिम्मेदारी केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखना ही नहीं, बल्कि संकट की घड़ी में लोगों की मदद करना भी है। जमुई डायल-112 टीम ने अपने सराहनीय कार्य से सेवा, संवेदनशीलता और समर्पण का प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत किया है।
सोनो से योगेंद्र प्रसाद उर्फ कुंदन की रिपोर्ट




Leave a Reply
You must be logged in to post a comment.