कवैया मुसहरी में बेसमेंट से 15 बोरा और वाहनों से 15 पेटी सिरप जब्त, तीन गिरफ्तार; नेटवर्क की जांच जारी
जमुई। नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ जमुई पुलिस ने सोमवार शाम बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में प्रतिबंधित कोडीन कफ सिरप बरामद किया है। पुलिस ने कवैया मुसहरी के समीप एक मकान में छापेमारी कर बेसमेंट और वाहनों से 7 हजार से अधिक बोतल प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद किया है। कार्रवाई के दौरान तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने एक स्कॉर्पियो समेत अन्य वाहनों को भी जब्त किया है।
जमुई एसपी विश्वजीत दयाल की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, सोमवार 31 अगस्त को शाम करीब छह बजे पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कवैया मुसहरी के पास रंजीत शाह के मकान के बेसमेंट में प्रतिबंधित कोडीन कफ सिरप की बड़ी खेप छिपाकर रखी गई है। सूचना के बाद ड्रग इंस्पेक्टर को सूचित करते हुए जमुई सदर थाना और खैरा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने छापेमारी की।
तलाशी के दौरान मकान के बेसमेंट में करीब 15 बोरे में रखे कार्टन से लगभग 3600 बोतल प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद किए गए। वहीं, मकान के बाहर खड़े एक टेंपो से करीब 8 पेटी और बोलेरो पिकअप से करीब 7 पेटी कफ सिरप बरामद किया गया। पुलिस के अनुसार कुल करीब 30 पेटी और 7 हजार से अधिक बोतल प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद हुआ है।
मामले में पुलिस ने रंजीत शाह, सुजय कुमार पांडे और मोहम्मद इकबाल को गिरफ्तार किया है। पुलिस अब बरामद कफ सिरप के स्रोत, सप्लाई चैन और संभावित खरीदारों का पता लगाने में जुटी है। एसपी के अनुसार, पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
कुमार नेहरू के साथ प्रहलाद सिंह की रिपोर्ट




Leave a Reply
You must be logged in to post a comment.