22 टन से अधिक अभिमन्यू गोल्ड चावल बरामद, तकनीकी जांच के आधार पर अपराधियों तक पहुंची पुलिस
जमुई। चकाई थाना क्षेत्र में गिरिडीह-चकाई मुख्य सड़क पर हुए ट्रक लूटकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मामले में पुलिस ने ट्रक चालक समेत 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने लूटे गए ट्रक से करीब 22 टन अभिमन्यू गोल्ड ब्रांड का चावल बरामद किया है। इसके साथ ही लूट में इस्तेमाल कार और अन्य सामान भी पुलिस ने बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, 14-15 अगस्त 2026 की रात सरेन गांव के पास अपराधियों ने चावल लदे ट्रक को रोककर लूट की वारदात को अंजाम दिया था। घटना के बाद चालक को बेहोशी की अवस्था में सड़क किनारे छोड़कर अपराधी ट्रक लेकर फरार हो गए थे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए चकाई थाना में कांड संख्या 128/26 दर्ज कर जांच शुरू की गई। एसडीपीओ झाझा के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया। टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे 300 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और तकनीकी अनुसंधान के जरिए अपराधियों की पहचान की।
आरोपियों की निशानदेही पर अलग-अलग स्थानों से भी चावल बरामद किए गए। जांच में लूटे गए चावल को मुजफ्फरपुर के साहेबगंज स्थित एक गोदाम में रखे जाने की जानकारी मिली। पुलिस ने वहां से करीब 215 बोरा चावल बरामद किया। इसके अलावा राजू चौधरी के निशानदेही पर जैतपुर के गोदाम से 91 बोरा तथा अनिल कुमार के निशानदेही पर 50-50 किलोग्राम के बोरे में रखे 45 बोरे चावल भी बरामद किए गए।
इससे पूर्व भी पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपी को गिरफ्तार किया था। इस बार फिर पुलिस ने इस मामले में चार आरोपी को गिरफ्तार किया है जिसकी पहचान मो. तैयब उर्फ करीब 34 वर्ष, पिता मो. निजामुद्दीन, मनपीयर, जिला वैशाली, मो. अनवर उर्फ करीब 51 वर्ष, पिता मो. चुन्नू, ग्राम रेपुरा, थाना सरैया, जिला मुजफ्फरपुर, मो. अफसर अली, पिता मो. तसलीम, ग्राम रेपुरा, थाना सरैया, जिला मुजफ्फरपुर, नितीश कुमार, पिता चन्द्रभूषण सिंह, साकिन पथैड़ी, थाना बरहट, जिला जमुई के रूप में हुई है।
पुलिस ने मामले में तीन मुख्य आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है, जबकि गिरफ्तार अन्य आरोपियों से पूछताछ के आधार पर गिरोह में शामिल बाकी लोगों की तलाश जारी है। पुलिस सभी आरोपियों के आपराधिक इतिहास का भी पता लगा रही है।




Leave a Reply
You must be logged in to post a comment.