जमुई। जिले में शिक्षा व्यवस्था को और बेहतर बनाने के उद्देश्य से गुरुवार को जिला प्रशासन ने सरकारी विद्यालयों का व्यापक निरीक्षण अभियान चलाया। जिला पदाधिकारी के निर्देश पर जिले के सभी वरीय अधिकारियों ने विभिन्न विद्यालयों का निरीक्षण कर पठन-पाठन, शिक्षकों की उपस्थिति और मूलभूत सुविधाओं की स्थिति का जायजा लिया।
इसी क्रम में जिला पदाधिकारी ने बरहट प्रखंड के स्वर्गीय शुक्रदास यादव मेमोरियल राजकीय उच्च विद्यालय बरहट, आदर्श राजकीय बुनियादी विद्यालय बरहट तथा उत्क्रमित मध्य विद्यालय ललमटिया का निरीक्षण किया। उन्होंने शिक्षकों एवं कर्मियों की उपस्थिति, कक्षा में पठन-पाठन, मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता, शौचालय, बिजली, स्वच्छता और विद्यालय के अभिलेखों की जांच की।

निरीक्षण के दौरान डीएम ने शिक्षक की भूमिका में कक्षा में पहुंचकर विद्यार्थियों को पढ़ाया और उनसे सीधे संवाद कर उनके ज्ञान के स्तर को परखा। मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता जांचने के लिए उन्होंने स्वयं बच्चों के साथ बैठकर भोजन भी किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय व्यवस्था को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिला समन्वय समिति की बैठक में जिला पदाधिकारी ने सभी अधिकारियों को एक-एक विद्यालय गोद लेने का निर्देश दिया था। गुरुवार का निरीक्षण इसी व्यवस्था को प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

वहीं, जिला पदाधिकारी के निर्देश पर अनुमंडल पदाधिकारी ने सरस्वती विद्या निकेतन (आदर्श विद्यालय), सतायन, जमुई का निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यालय की शैक्षणिक स्थिति, पुस्तकालय, शौचालय, उद्यान और अन्य सुविधाओं की समीक्षा की। कक्षा में पहुंचकर एसडीओ ने 10वीं के विद्यार्थियों को भूगोल के ‘संसाधन’ तथा 9वीं के विद्यार्थियों को राजनीति विज्ञान के ‘संविधान’ अध्याय की पढ़ाई कराई।
प्रशासन ने अभिभावकों से अपील की है कि वे बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजें, ताकि नवनियुक्त शिक्षकों की शैक्षणिक क्षमता का पूरा लाभ विद्यार्थियों को मिल सके।




Leave a Reply
You must be logged in to post a comment.