जमुई के चरकापत्थर थाना क्षेत्र के थम्हन गांव की सनसनीखेज घटना, नौ वर्षीय बच्चे की मौत के बाद महिला पर लगाया था डायन होने का आरोप; FSL टीम ने खून लगी लाठी और आरोपी की शर्ट की बरामद
जमुई: अंधविश्वास और डायन-बिसाही के आरोप ने एक बुजुर्ग महिला की जान ले ली। जमुई जिले के चरकापत्थर थाना क्षेत्र अंतर्गत थम्हन गांव में दया देवी उर्फ कुसुम देवी की हत्या कर शव जंगल में छिपाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस मामले में नौ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं, घटना में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश में छापेमारी जारी है।
पुलिस की प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, घटना 17 नवंबर 2026 की है। गांव निवासी रंजू देवी, पति कुंवर मिस्त्री ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि उसी दिन दोपहर करीब तीन बजे स्वर्गीय श्रवण मिस्त्री के नौ वर्षीय पुत्र शिवम कुमार की बीमारी के कारण मौत हो गई थी। इसके बाद प्राथमिकी में नामजद आरोपियों ने कथित तौर पर एकजुट होकर उनके घर पहुंचकर उनकी सास दया देवी उर्फ कुसुम देवी पर डायन-बिसाही का आरोप लगाया।
आरोप है कि सभी ने बुजुर्ग महिला के साथ गाली-गलौज की और उन्हें जबरन जंगल की ओर ले गए। बाद में महिला की हत्या कर शव जंगल में छिपा दिया गया।
आरोपियों की निशानदेही पर जंगल से मिला शव
मामले की जानकारी मिलने के बाद चरकापत्थर थाना पुलिस ने अनुसंधान शुरू किया और छापेमारी कर नौ आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर दया देवी उर्फ कुसुम देवी का शव बरामद किया गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, जमुई भेजा गया है।
FSL टीम ने जुटाए वैज्ञानिक साक्ष्य
घटनास्थल पर पहुंची FSL टीम ने वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य संकलित किए। टीम ने आरोपी टिंकू शर्मा की खून लगी शर्ट, घटनास्थल से खून लगी लाठी और मृतका के शव से ब्लड सैंपल बरामद किया है। इन साक्ष्यों को जांच का हिस्सा बनाया गया है।
गिरफ्तार किए गए नौ आरोपी
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में टिंकू शर्मा, पिनू शर्मा, कामदेव शर्मा, कुंदन मंडल, नीतीश शर्मा (सभी थम्हन निवासी), चंदन कुमार (सोनो), सनातन शर्मा और जयप्रकाश शर्मा (वरना, सिकंदरा) तथा गुड्डू मिस्त्री (मंगरार, मोहनपुर) शामिल हैं।
फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी
इस कार्रवाई में चरकापत्थर थानाध्यक्ष रंजीत कुमार के साथ पुलिस अवर निरीक्षक शुभम कुमार झा, उपेंद्र कुमार राम, विनय कुमार मांझी और सशस्त्र पुलिस बल शामिल रहे। पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
अंधविश्वास की आड़ में किसी को डायन बताकर प्रताड़ित करना और हिंसा करना गंभीर अपराध है। इस घटना ने एक बार फिर ग्रामीण क्षेत्रों में अंधविश्वास के खिलाफ जागरूकता और सख्त सामाजिक कार्रवाई की जरूरत को उजागर किया है।
सोनो से योगेंद्र प्रसाद उर्फ कुंदन की रिपोर्ट




Leave a Reply
You must be logged in to post a comment.