रीता कोड़ा के चयन से ग्रामीणों को मिली बड़ी राहत, राशन के लिए अब नहीं लगाना पड़ेगा बरहट का चक्कर; वर्षों पुरानी परेशानी होगी दूर
जमुई नक्सल प्रभावित चोरमारा गांव के लिए जिला प्रशासन की एक नई पहल ग्रामीणों की बड़ी परेशानी दूर करने जा रही है। गांव की आदिवासी महिला रीता कोड़ा का पहली बार जन वितरण प्रणाली (PDS) विक्रेता के रूप में चयन किया गया है। उनके चयन से अब चोरमारा के ग्रामीणों को अपने गांव में ही राशन मिलने का रास्ता साफ हो गया है।
अब तक चोरमारा गांव के लोगों को सरकारी राशन लेने के लिए कई किलोमीटर दूर बरहट जाना पड़ता था। दुर्गम रास्तों और लंबी दूरी के कारण ग्रामीणों, विशेषकर बुजुर्गों और महिलाओं को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। कई बार राशन लेने के लिए बरहट पहुंचने के बावजूद तकनीकी समस्याओं के कारण ग्रामीणों को बिना राशन लिए ही वापस लौटना पड़ता था।
राशन के लिए बार-बार लंबी दूरी तय करना ग्रामीणों के लिए किसी चुनौती से कम नहीं था। अब रीता कोड़ा के PDS विक्रेता के रूप में चयन से इस समस्या का समाधान होने की उम्मीद जगी है। गांव में ही जन वितरण प्रणाली की सुविधा उपलब्ध होने से लोगों का समय और श्रम दोनों बचेंगे।
यह पहल सिर्फ राशन वितरण की सुविधा तक सीमित नहीं है, बल्कि नक्सल प्रभावित क्षेत्र में स्थानीय आदिवासी महिला को रोजगार और जिम्मेदारी का अवसर मिलने के लिहाज से भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। इससे ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं का लाभ उनके गांव में ही सुलभ हो सकेगा। चोरमारा में यह बदलाव ग्रामीणों के लिए राहत के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर आत्मनिर्भरता की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम है।




Leave a Reply
You must be logged in to post a comment.