वैशाली में प्रधानमंत्री ने किया नीतीश सेतु का लोकार्पण, विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास; जमुई समाहरणालय से ऑनलाइन जुड़े जनप्रतिनिधि व अधिकारी, 10 लाभुकों को सौंपी गई घर की चाबी
जमुई , प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को बिहार के वैशाली पहुंचे, जहां उन्होंने नीतीश सेतु का लोकार्पण करने के साथ राज्य को लगभग 34,470 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं की सौगात दी। इस दौरान प्रधानमंत्री ने कई परियोजनाओं का उद्घाटन, राष्ट्र को समर्पण और नई योजनाओं का शिलान्यास किया। वैशाली में आयोजित इस राज्यस्तरीय कार्यक्रम से जमुई जिला भी ऑनलाइन माध्यम से जुड़ा। यहां प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत 517 परिवारों को नवनिर्मित पक्के मकानों का लाभ प्रदान किया गया।

वैशाली जिले में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 19.36 किलोमीटर लंबे नीतीश सेतु का लोकार्पण किया। 5,571.69 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित इस पुल से पटना और वैशाली के बीच कनेक्टिविटी बेहतर होगी। साथ ही राघोपुर दियारा क्षेत्र के लोगों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी। प्रधानमंत्री ने सड़क, ऊर्जा, शिक्षा, स्वास्थ्य, शहरी विकास और जलापूर्ति से संबंधित परियोजनाओं की भी सौगात दी।

जमुई में 517 परिवारों को आवास का लाभ
इधर, जमुई समाहरणालय स्थित संवाद कक्ष में जिले के जनप्रतिनिधि, वरीय पदाधिकारी एवं लाभुक ऑनलाइन माध्यम से प्रधानमंत्री के मुख्य कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान सिकंदरा विधानसभा क्षेत्र के विधायक प्रफुल्ल कुमार मांझी, नगर परिषद जमुई के मुख्य पार्षद मो. हलीम, जिला पदाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, उप विकास आयुक्त तथा जमुई एवं झाझा नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत जमुई नगर परिषद क्षेत्र में 431 और झाझा नगर परिषद क्षेत्र में 86 आवासों का निर्माण कराया गया है। दोनों नगर परिषद क्षेत्रों में कुल 517 आवास लगभग 10.68 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किए गए हैं।

कार्यक्रम के दौरान प्रतीकात्मक रूप से 10 लाभुकों को नवनिर्मित आवास की चाबी सौंपी गई। इनमें जमुई नगर परिषद की रूबी देवी, गीता देवी, बबीता देवी, अशोला देवी एवं कल्पना देवी तथा झाझा नगर परिषद क्षेत्र की सितिया देवी, कुंती देवी, कौशल्या देवी, कल्पना देवी, उमा देवी एवं पिंकी देवी शामिल रहीं।

प्रधानमंत्री के वैशाली दौरे के दौरान बिहार को मिली विकास परियोजनाओं की सौगात के साथ जमुई के 517 परिवारों को पक्का आवास मिलने का कार्यक्रम जिले के शहरी विकास के लिहाज से महत्वपूर्ण रहा।
कुमार नेहरू की रिपोर्ट




Leave a Reply
You must be logged in to post a comment.