जमुई। जिले के बरहट प्रखंड स्थित बरहट डैम के पास मंगलवार की सुबह बाइक चलाना सीखने के दौरान हुए सड़क हादसे में 15 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। बाइक की तेज रफ्तार के कारण किशोर वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और बाइक अनियंत्रित होकर दीवार से टकरा गई। हादसे में किशोर को गंभीर चोटें आईं और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान बांका जिले के बेलहर थाना क्षेत्र के जमनी गांव निवासी अनिल कोड़ा के पुत्र बिट्टू कुमार (15) के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, बिट्टू सोमवार को अपने ननिहाल बरहट प्रखंड के पांडेय ठीका गांव आया था। मंगलवार की सुबह वह अपने मामा सूरज कुमार के साथ घूमने के लिए बरहट डैम गया था। इसी दौरान उसने बाइक चलाना सीखने की जिद की। मामा ने उसे बाइक की चाबी दे दी। बाइक चलाने के दौरान बिट्टू की रफ्तार तेज हो गई और वह वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पाया। देखते ही देखते बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बनी दीवार से जा टकराई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि बिट्टू के सिर सहित शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

मामा बोले- स्पीड कंट्रोल नहीं कर पाया भांजा
मृतक के मामा सूरज कुमार ने बताया कि बिट्टू उनका भांजा था और नानी के घर आया हुआ था। मंगलवार सुबह वह उसे लेकर बरहट डैम घूमने गए थे। वहां बिट्टू बाइक चलाना सीखने की जिद करने लगा। बाइक चलाने के दौरान वह उसकी रफ्तार नियंत्रित नहीं कर पाया और दीवार से टकरा गया। मामा ने इसे दुर्घटना बताया।
किशोर की मौत से परिवार में मचा कोहराम
घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। ननिहाल से लेकर पैतृक गांव तक मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना मिलने पर बरहट थाना की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कराई। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।




Leave a Reply
You must be logged in to post a comment.