जमुई। जिले के मोहनपुर थाना क्षेत्र के कर्रा गांव में एक युवक के हाथ-पैर बांधकर बेरहमी से पिटाई करने का मामला सामने आया है। युवक को ब्लाउज पहनाकर उसकी जेब में चेन रखने का आरोप भी लगाया गया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पीड़ित की पहचान विकास कुमार दास के रूप में हुई है।
पीड़ित की पत्नी शोभा देवी के अनुसार, 12 नवंबर की रात करीब 10 बजे उनके पति को घुमाने के बहाने घर से ले जाया गया और फिर बंधक बनाकर मारपीट की गई। पत्नी ने आरोप लगाया कि गांव के दिनेश यादव और मुकेश यादव, पिता लालजीत यादव के साथ दुकान की बिक्री को लेकर विवाद हुआ था। उनकी चाउमिन-पकौड़े की दुकान पर अधिक ग्राहक आने के कारण दूसरी दुकान के संचालक नाराज थे। इसी रंजिश में घटना को अंजाम देने का आरोप लगाया गया है। पत्नी ने जातिसूचक अपमान करने का भी आरोप लगाया है।

आरोप है कि विकास के कपड़े फाड़कर उन्हें ब्लाउज पहनाया गया और जेब में चेन रख दी गई, ताकि चोरी का आरोप लगाया जा सके।

ग्रामीणों ने जुटाए इलाज के पैसे
विकास के बाबा सहदेव रविदास ने बताया कि रात करीब एक से तीन बजे तक उनके साथ मारपीट की गई। परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण गांव और समाज के लोगों ने चंदा जुटाकर इलाज में मदद की। फिलहाल विकास का इलाज निजी क्लिनिक में चल रहा है। परिजनों ने उनकी स्थिति नाजुक बताई है।

एसपी ने कहा- जांच के बाद होगी कार्रवाई
पीड़ित की पत्नी ने 20 नवंबर को एससी-एसटी थाना में आवेदन दिया था। एससी-एसटी थानाध्यक्ष ज्योति कुमारी ने बताया कि कांड संख्या 38/26 दर्ज कर जांच की जा रही है।
वहीं, एसपी विश्वजीत दयाल ने बताया कि मामले की जानकारी मिलने पर छानबीन की गई थी। घायल विकास को घटना के दिन इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा गया था। एसपी ने कहा कि कानून को हाथ में लेना गलत है। अनुसंधान में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर विधिसम्मत कार्रवाई होगी। पुलिस की लापरवाही सामने आने पर संबंधित कर्मियों पर भी कार्रवाई की जाएगी।
कुमार नेहरू की रिपोर्ट




Leave a Reply
You must be logged in to post a comment.