जमुई जिले के लक्ष्मीपुर प्रखंड में प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी धर्मेन्द्र कुमार पर गंभीर आरोप लगे हैं। ग्राम पंचायत राज मड़ैया की मुखिया शांति देवी ने मुख्यमंत्री को लिखित शिकायत में आरोप लगाया है कि विकास कार्यों के भुगतान के लिए उनसे दो लाख रुपये की अवैध राशि की मांग की जाती है। शिकायत के अनुसार, राशि नहीं देने पर योजनाओं का भुगतान रोक दिया जाता है, जिससे विकास कार्य बाधित हो रहे हैं और आम जनता तक सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर नहीं पहुंच पा रहा है।
मुखिया ने यह भी आरोप लगाया कि पदाधिकारी द्वारा पंचायत सचिव और तकनीकी सहायक पर दबाव बनाकर मापी दर्ज नहीं करने और भुगतान रोकने के निर्देश दिए जाते हैं। विरोध करने पर कथित रूप से धमकी भरा रवैया अपनाया जाता है। उन्होंने कहा कि कार्य पूरा होने के बाद भी भुगतान नहीं मिलने से जनप्रतिनिधियों में असंतोष बढ़ रहा है।
शिकायत में यह भी उल्लेख है कि संबंधित पदाधिकारी पिछले 15 वर्षों से एक ही जिले में पदस्थापित हैं, जिससे भ्रष्टाचार बढ़ा है। मामले में स्थानांतरण, आय से अधिक संपत्ति की जांच और कड़ी कार्रवाई की मांग की गई है ।
प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी धर्मेंद्र कुमार के नाम से फोन पे नंबर पर भुगतान करने का एक स्क्रीनशॉट भी सामने आया है, जिसमें उनके नंबर पर 50 हजार रुपए राशि की भुगतान 17 जनवरी 2025 को की गई है। बताया जा रहा है कि यह राशि विकास कार्यों के भुगतान के एवज में अवैध रूप से ली गई थी।
इस मामले में प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि आरोप बेबुनियाद है। योजना की जांच पड़ताल करना मेरा कार्य है। किसी भी योजना को लेकर पैसा मांगने का आरोप निराधार है।



