जमुई, जिले की प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से जिला पदाधिकारी नवीन उत्क्रमित उच्च विद्यालय, गुगुलडीह पहुँचे, जहां उन्होंने मैट्रिक परीक्षा 2026 में राज्य स्तर पर 8वां स्थान प्राप्त करने वाले शुभम कुमार सहित अन्य मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया। समारोह में डीएम ने प्रशस्ति पत्र और प्रतीक चिन्ह देकर छात्रों का उत्साहवर्धन किया।

अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि सफलता के लिए निरंतर अध्ययन और अनुशासन बेहद जरूरी है। उन्होंने छात्रों को प्रेरित करते हुए कहा कि जैसे शरीर के लिए भोजन आवश्यक है, वैसे ही सफलता के लिए नियमित पढ़ाई अनिवार्य है। उन्होंने कम अंक लाने वाले छात्रों को निराश न होकर अपनी कमजोरियों पर काम करने की सलाह दी।
डीएम ने शिक्षकों की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि यह सफलता उनके समर्पण का परिणाम है। उन्होंने शिक्षकों से विद्यार्थियों को व्यावहारिक ज्ञान देने की अपील की।
इस अवसर पर शुभम कुमार ने अपनी सफलता का श्रेय शिक्षकों और अभिभावकों को दिया। कार्यक्रम में कई अधिकारी उपस्थित रहे।



