जमुई, गैस एजेंसियों की मनमानी और उपभोक्ताओं की लगातार मिल रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। जिला पदाधिकारी नवीन के विशेष निर्देश पर जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने सिकंदरा स्थित रेणुका गैस एजेंसी के गोदाम का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान वहां की व्यवस्था बेहद असंतोषजनक पाई गई और वितरण प्रणाली में कई अनियमितताएं सामने आईं।
मौके पर मौजूद उपभोक्ताओं ने भी गैस वितरण में हो रही परेशानियों और देरी की शिकायत की। प्रत्यक्ष निरीक्षण में सामने आई कुव्यवस्था को आधार बनाते हुए जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने एजेंसी के खिलाफ विस्तृत जांच रिपोर्ट तैयार कर जिलाधिकारी एवं संबंधित तेल विपणन कंपनी को भेज दी है।

पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला पदाधिकारी ने संबंधित तेल कंपनियों के प्रतिनिधियों को 07 अप्रैल 2026 को अद्यतन प्रतिवेदन के साथ व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होने का निर्देश दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले में गैस आपूर्ति व्यवस्था को किसी भी हालत में बाधित नहीं होने दिया जाएगा।
डीएम ने सभी गैस एजेंसियों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा है कि उपभोक्ताओं की मांग के अनुरूप पर्याप्त सिलेंडर उपलब्ध कराना और समय पर होम डिलीवरी सुनिश्चित करना अनिवार्य है। उन्होंने दो टूक कहा कि लापरवाही, कालाबाजारी या बिचौलियों की संलिप्तता पाए जाने पर संबंधित एजेंसियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन का यह कदम जिले में पारदर्शी और सुचारू गैस आपूर्ति व्यवस्था सुनिश्चित करने की दिशा में अहम माना जा रहा है।



