संसारपुर गुमटी के पास हुआ हादसा, मुआवजे की मांग को लेकर ग्रामीणों ने किया सड़क जाम
जमुई जिले के गिद्धौर थाना क्षेत्र अंतर्गत NH-333 पर संसारपुर गुमटी के समीप गुरुवार सुबह एक तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क पार कर रहे युवक को कुचल दिया। हादसे में युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया। मृतक की पहचान 44 वर्षीय बिरजू यादव के रूप में हुई है। बताया जाता है कि सुबह करीब 5:30 बजे वह सड़क पार कर रहे थे, तभी तेज गति से आ रहे ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही गिद्धौर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जमुई सदर अस्पताल भेज दिया। वहीं दुर्घटना के बाद भाग रहे ट्रक को पुलिस ने जब्त कर लिया है, जबकि चालक मौके से फरार बताया जा रहा है।
हादसे से नाराज परिजनों और ग्रामीणों ने NH-333 को जाम कर दिया, जिससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। प्रदर्शन कर रहे लोग मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग कर रहे थे। करीब दो घंटे तक सड़क जाम रहने के बाद पुलिस और स्थानीय लोगों के समझाने पर मामला शांत हुआ और यातायात बहाल कराया गया। गिद्धौर थानाध्यक्ष ने बताया कि ट्रक को जब्त कर लिया गया है तथा फरार चालक की तलाश की जा रही है। परिजनों के आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।




Leave a Reply
You must be logged in to post a comment.